फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ननखड़ी में खुले घूम रहे दिल्ली में चेरी बेचकर लौटे चालक

विज्ञापन
विज्ञापन
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी में प्रशासन और पुलिस की अनदेखी कहीं हजारों लोगों पर भारी न पड़ जाए? कोरोना संक्रमण को लेकर जहां एहतियात बरतने को लेकर सरकार और प्रशासन दिन-रात जुटे हुए हैं, वहीं थोड़ी सी अनदेखी तहसील क्षेत्र के लोगों को संक्रमित बना सकती है। ऐसा इसलिए कि इन दिनों क्षेत्र में चेरी का सीजन जोरों-शोरों से चल रहा है। क्षेत्र से चेरी की फसल दिल्ली और चंडीगढ़ पहुंचाई जा रही है। ऐसे में इन दोनों राज्यों से फसल बेचकर वापस पहुंच रहे चालक क्षेत्र में खुलेआम घूम रहे हैं। पंचायत, प्रशासन और पुलिस इसके बारे में बेखबर है। ऐसे में यदि कोई चालक संक्रमण की चपेट में आता है तो क्षेत्र के हजारों लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
विज्ञापन

गौरतलब है कि ननखड़ी तहसील की ग्राम पंचायत जाहू, खूनी पनोली और गाहन में इन दिनों चेरी का सीजन जोरों पर है। क्षेत्र से दिल्ली और चंडीगढ़ चेरी के ट्रक भेजे जा रहे हैं। इन चालकों का न तो पंचायत, न प्रशासन और न ही पुलिस के पास कोई डाटा है। ऐसे में जब ये चालक बाहरी राज्यों से यहां पहुंच रहे हैं तो ये लोग क्वारंटीन होने के बजाय खुले में घूम रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने इस पर चिंता जाहिर करते हुए संक्रमण फैलने की आशंका जाहिर की है। उन्होंने प्रशासन से इन चालकों की स्वास्थ्य जांच कर इन्हें भी 14 दिन की क्वारंटीन अवधि पर भेजे जाने की मांग की है।
जाहू पंचायत के उप प्रधान कुलदीप ठाकुर, राजीव भैक, टेक चंद चौहान, जयप्रकाश, सुनील, विक्की ठाकुर, रंजीत, रोहित, लोक सिंह, नरेंद्र सिंह, शिवम मेहता, संतलाल सहित अन्य लोगों ने प्रशासन और पुलिस महकमे से मांग की है कि जो लोग दिल्ली और चंडीगढ़ जा रहे हैं, उनकी सूची तैयार की जाए। बाहरी राज्यों से वापस पहुंचने पर इन सभी को क्वारंटीन किया जाए। उन्होंने तहसील के टिक्कर में पुलिस की तैनाती करने की मांग भी उठाई है।
विज्ञापन

एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि ननखड़ी में चेरी सीजन को लेकर पहले भी बैठक का आयोजन किया गया था, जिसमें लोकल मंडियों में फसल ले जाने के लिए कहा गया था। यदि दिल्ली और चंडीगढ़ गाड़ियां जा रही हैं, तो उन पर नजर रख कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें