संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जिला किन्नौर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय उच्च मार्ग-पांच के आए दिन बाधित होने से हजारों लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। निगुलसरी में जहां ऊपरी पहाड़ी के दरकने से एनएच-पांच पर दिक्कतें बढ़ गई हैं, वहीं अब नाथपा में भूस्खलन से नौ घंटे एनएच पर यातायात ठप रहा। सोमवार सुबह नाथपा में बारिश होने से भूस्खलन हुआ और एनएच-पांच पर सुबह छह बजे यातायात अवरुद्ध हो गया।
मार्ग के बाधित होने से जिले के हजारों लोगों को आवाजाही के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, लोगों ने वैकल्पिक मार्ग वांगतू से भावानगर होकर सफर किया। वहीं, सूचना मिलते ही एनएच प्राधिकरण ने मजदूर और मशीनरी को मौके पर भेजा। कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को दोपहर दो बजे यातायात के लिए बहाल किया। उसके बाद एनएच-पांच पर छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।
जिले के प्रतिनिधियों प्रधान तरांडा पंचायत हरीभगत नेगी, प्रधान क्रॉबा पंचायत तंजिन छोकित नेगी, प्रधान मीरू पंचायत नरेंद्र नेगी, उपप्रधान यांग्पा यशपाल नेगी, उपप्रधान काफनू शंकर भगत नेगी, उपप्रधान नाथपा संजय नेगी, उपप्रधान पानवी पंचायत बुद्धा राम नेगी, पूर्व प्रधान बरी पंचायत योगराज नेगी, राजेश नेगी, राम कुमार नेगी, दीपक नेगी और दिव्या नेगी सहित अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और विभाग से वैकल्पिक मार्ग सहित एनएच को दुरुस्त करने की मांग उठाई। उन्होंने मांग उठाई है कि भावानगर-पलिंगी से छोटा कंबा वैकल्पिक मार्ग का जल्द निर्माण किया जाए, ताकि निगुलसरी में बार-बार बाधित हो रहे एनएच की परेशानियों से निजात मिल सके।
सोमवार दोपहर दो बजे यातायात के लिए एनएच को बहाल किया गया। भूस्खलन के कारण बाधित हुए एनएच को बहाल और चौड़ा किया गया। वाहनों की आवाजाही बराबर हो रही है।
- सतीश जोशी, कनिष्ठ अभियंता, एनएच प्राधिकरण