. वन मंजूरी मिलने के बाद भी शुरू नहीं हो पा रहा बस अड्डे का निर्माण . 18 पंचायतों के ग्रामीण वर्षों से कर रहे बस अड्डा निर्माण की मांग . एसीएस तैयार कर मंजूरी के लिए निगम प्रबंधन को भेजा मामला संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। ननखड़ी में कब बस अड्डा धरातल पर उतरेगा, इसका 18 पंचायतों के ग्रामीणों को बेसब्री से इंतजार है। यह बस अड्डा एक दश्क तक सियासी पेच में अटका रहा। अब सियासी पेच से निकला है, तो विभागीय फेर में फंसकर रह गया है। पहले राजनीतिक खींचतान और अब विभागीय अनदेखी बस अड्डे के निर्माण में बाधा बनी हुई है। वन विभाग से मंजूरी मिलने के बाद भी बस अड्डे का निर्माण ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। ननखड़ी तहसील के हजारों ग्रामीण दशकों से बस अड्डे की सुविधा मिलने की आस लगाए हुए हैं। ननखड़ी तहसील मुख्यालय के चौक में प्रस्तावित बस अड्डे के निर्माण को लेकर बीते एक दशक से केवल औपचारिकताएं ही पूरी की जा रही हैं। बीते वर्ष नवंबर माह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बस अड्डे और शॉपिंग कांप्लेक्स का शिलान्यास किया था। नौ महीने की लंबी अवधि के बाद भी बस अड्डे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। बस अड्डे के निर्माण में हो रही लेटलतीफी से ग्रामीणों में सरकार और निगम प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर खासा रोष है। एक दशक से ननखड़ी में बस अड्डे के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन निर्माण कार्य आज दिन तक शुरू नहीं हो पाया है। तीन महीने पहले बस अड्डे के निर्माण के लिए वन मंजूरी (एफसीए क्लीयरेंस) मिल चुकी है। इसके बावजूद बस अड्डे का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। वर्ष 2017 में ननखड़ी बस अड्डे के निर्माण के लिए पांच बीघा वन भूमि चयनित की गई।
2018 में हुई थी पहली घोषणा
2018 में भाजपा शासनकाल में परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बस अड्डे के निर्माण और बजट जारी करने की घोषणा की थी। बीते वर्ष 14 नवंबर को मुख्यमंत्री ने ननखड़ी चौक में करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला शॉपिंग कांप्लेक्स और बस अड्डे का शिलान्यास किया। करीब पांच बीघा भूमि पर बस अड्डा बनना था लेकिन वन विभाग से करीब तीन बीघा भूमि ही परिवहन निगम को स्थानांतरित हो पाई है।
विज्ञापन
औपचारिकताएं पूरी कर कार्य शुरू करने के निर्देश
सातवें वित्त आयोग अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने ननखड़ी बस अड्डे का निर्माण शुरू न होने पर चिंता जताई है। उन्होंने परिवहन निगम के अधिकारियों और लोक निर्माण विभाग को जल्द सभी औपचारिकताएं पूरी कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
बस अड्डा निर्माण संबंधी एसीएस (एब्स्ट्रैक्ट कॉस्ट एस्टीमेट) तैयार कर परिवहन प्रबंध निदेशक को भेजा है। मंजूरी मिलने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। बस अड्डे के निर्माण के लिए 6.50 करोड़ रुपये खर्च होना प्रस्तावित है। इसमें से करीब 2 करोड़ रुपये की राशि लोक निर्माण विभाग के पास जमा करवाई गई है।
- हुमेश ठाकुर, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम रामपुर