रामपुर बुशहर। जिला प्रशासन शिमला ने नगर परिषद रामपुर के चार वार्डों को मर्ज कर दो वार्ड बनाए हैं। इस फैसले का जहां व्यापार मंडल रामपुर ने विरोध किया है, वहीं सर्वहितकारी व्यापार मंडल रामपुर ने इस फैसले का स्वागत किया है और इसे जनहित में करार दिया है।
सर्वहितकारी व्यापार मंडल के अध्यक्ष तन्मय शर्मा ने कहा कि हाल ही में रामपुर नगर परिषद के मुख्य बाजार स्थित चार वार्डों को मर्ज कर दो वार्ड बनाए गए हैं। इन वार्डों के मर्ज होने से व्यापारी वर्ग की कई समस्याएं हल होंगी। उन्होंने सरकार के इस निर्णय पर खुशी जताई है। मंडल ने इसे आम जनमानस और शहरवासियों के लिए फायदेमंद करार दिया है। सरकार की ओर से लिया गया इस प्रकार का स्वतंत्र फैसला रामपुर बुशहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। अध्यक्ष तन्मय ने कहा कि शहर के नए बने वार्ड 8 और 9 के दो-दो वार्ड बनने से हजारों की आबादी और व्यापारी वर्ग लाभान्वित होगा। क्षेत्रफल के मुताबिक इन वार्डों का विघटन कर नए वार्ड बनाना समय की मांग थी, जिसे सरकार ने पूरा किया है। मूलभूत सुविधाओं से वंचित इन क्षेत्रों में अब विकास की गति बढ़ेगी।
सर्वहितकारी व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, महासचिव कर्ण सिंह ठाकुर, रोहित घाघटा, विष्णु शर्मा, अजयकांत शर्मा, सुरेश शर्मा, नवीन भलूनी, गिरीश गौतम, रजत सिंह ठाकुर, विकास निशांत लिहांटू, चंद्र गौतम और वरुण शर्मा ने नप के चार वार्डों को मर्ज कर दो वार्ड बनाने पर सरकार का आभार जताया है।