एक दर्जन से अधिक पंचायतों में बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी बहाल, ठंड में ठिठुर रहे लोग
जिले में जन जीवन अस्त व्यस्त, शीतलहर का प्रकोप जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला(किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में बर्फबारी के चार दिन के बाद भी जनजीवन अस्त व्यस्त है। जिले में नेशनल हाईवे सहित डेढ़ दर्जन से अधिक सड़कें अवरूद्ध चल रही हैं, जबकि एक दर्जन पंचायतों में बिजली आपूर्ति ठप है। इस वजह से जिले के हजारों लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि बिना बिजली के लोग सर्द रातों में ठिठुरने को मजबूर हैं। भारी बर्फबारी के कारण बिजली बोर्ड के लिए टूटी लाइनों को दुरुस्त करना चुनौती बना हुआ है। बर्फबारी के बाद जिले में शीतलहर का प्रकोप जारी है। इससे रात के समय अधिकांश क्षेत्रों का तापमान माइनस से नीचे चल रहा है। गौर हो कि बीते रविवार और सोमवार को जिला किन्नौर में भारी हिमपात हुआ था। इस कारण सडक़ें और सैकड़ों विद्युत ट्रांसफार्मर ठप हो गए थे। वीरवार को भी जिले के हुर्लिंग में बर्फबारी से बाधित नेशनल हाईवे पांच काजा की ओर यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। इस कारण काजा के लोगों का संपर्क शेष दुनिया से कटा हुआ है। सीमा सड़क संगठन ने एनएच को बहाल तो कर दिया है, लेकिन बर्फबारी और फिसलन के कारण यहां से आगे जाना जोखिमों भरा बना हुआ है। वहीं जिले के कल्पा, पूह और निचार खंड की 18 सड़कें अभी भी यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाई हैं। जिले की छितुकल, हांगो, कुन्नोचारंग, आसरंग, नेसंग, लियो, रिस्पा सहित डेढ़ दर्जन सड़कें बर्फबारी से बंद हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों के हजारों लोगों को आवाजाही में परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। बंद पड़ी सड़कों को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 18 मशीनें और 400 मजदूरों को तैनात किया है। वीरवार तक विभाग ने जिले की 76 सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया था। जिले के तीनों खंडों में बुधवार को जहां 36 ट्रांसफार्मर बंद पड़े थे, वहीं बोर्ड ने 19 ट्रांसफार्मर दुरुस्त कर दिए थे लेकिन अभी भी 17 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। लोक निर्माण विभाग कल्पा के अधिशासी अभियंता डीके सेन, अधिशासी अभियंता भावानगर राहुल सूद ने बताया कि वीरवार शाम तक जिले की सभी सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा। सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
इनसेट
बंद ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। बर्फबारी के कारण इसमें कई तरह की परेशानियां पेश आ रही हैं। जल्द पूरे जिले में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
टाशी नेगी, अधिशासी अभियंता, विद्युत बोर्ड