तापमान लुढ़कने से शीतलहर की चपेट में आया पूरा जिला
संवाद न्यूज एजेंसी सांगला (किन्नौर)। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद किन्नौर जिले में रविवार दोपहर के बाद बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से समूचे जिला शीतलहर की चपेट में आ गया है। रविवार सुबह से ही जिले में मौसम खराब बना रहा है। जिले के कल्पा सहित तीनों ब्लॉकों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। जिले के सुमरा, शलखर, ठंगी, कुन्नोचारंग, नेसंग, लिप्पा आसरंग, हांगो, चुलिंग, छितकुल, रक्षम, बटसेरी और सांगला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 10 से 15 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं जिले के निचले इलाकों में दिनभर मौसम खराब रहा। पर्यटन स्थल कल्पा का अधिकतम तापमान माइनस एक डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान माइनस चाार डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला का अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जिले में हो रही बर्फबारी से ठंड काफी बढ़ गई है, जिस कारण लोग रविवार को घरों पर ही दुबके रहे। खबर लिखे जाने तक जिले में बर्फबारी से कोई भी अवरुद्ध नहीं है। हालांकि बीते वर्षों की अपेक्षा इस बार जिले में कम बर्फबारी हो रही है।
परिवहन निगम रिकांगपिओ के अड्डा प्रभारी सुमन नेगी ने बताया कि रविवार को जिला मुख्यालय रिकांगपिओ से शिमला और काजा की ओर निगम की बसों की आवाजाही हो रही है। जिले के ग्रामीण रूटों पर भी बसों को भेजा जा रहा है।