ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। सराहन के बौंडा स्थित आईटीबीपी की 19वीं बटालियन में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने की। बटालियन की एक बैरक में रह रहे जवान को कोरोना संक्रमण होने की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का दल मौके पर पहुंच गया। परिस्थितियों का जायजा लेते हुए बचाव संबंधी सभी कार्यों को प्रशासन की देखरेख में अमलीजामा पहनाया गया। कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने के मकसद से इसका आयोजन किया गया।
सरकार के निर्देशानुसार सोमवार को आईटीबीपी बटालियन बौंडा में कोरोना संक्रमण मामला आने के दौरान किए जाने वाले बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। बटालियन की एक बैरक में रहने वाले जवान को कोरोना पॉजिटिव होने का मामला सामने आते ही प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य और अन्य विभागों ने अपने-अपने कार्यों को अंजाम देना शुरू किया। संक्रमित को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराहन पहुंचाया गया। यहां उसे आईसोलेशन वार्ड में रखा गया। इस दौरान ज्यूरी, शालाबाग, रंगोरी और ढेऊ इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया। क्षेत्रवासियों को संक्रमण से बचने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर जागरूक किया गया। मॉकड्रिल में प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग की टीम, आईटीबीपी, पुलिस और स्वयंसेवियों ने भूमिका निभाई। मॉकड्रिल से पहले सभी लोग लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह ज्यूरी में एकत्रित हुए। यहां एसडीएम नरेंद्र चौहान ने मॉकड्रिल की रूपरेखा सभी को विस्तारपूर्वक बताई। इस अवसर पर विधायक नंद लाल, डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा, तहसीलदार विपिन ठाकुर, बीएमओ आरके नेगी, बीडीओ केआर वर्मा, नायब तहसीलदार सराहन प्यारे लाल नेगी, बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय बदरेल, डॉ. गुमान नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।