विधायक कुलदीप सिंह ने किया लाेकार्पण, लोगों की समस्याएं सुनीं
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन की ग्राम पंचायत कांगल में विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने पशु चिकित्सालय को आमजन को समर्पित किया। साथ ही ग्राम पंचायत कांगल मेें सामुदायिक भवन और हिम स्टार निधि लिमिटेड का लोकार्पण किया। पशु चिकित्सालय की यह मांग कई समय पहले से चली आ रही थी। साथ लगती पंचायतों कोटिघाट, मोगड़ा, जंजैली और कांगल सहित साथ लगते शिमला ग्रामीण के इलाके के लिए यह भवन संजीवनी का काम करेगा।
इस मौके पर विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने उपस्थित जनता की समस्याओं को सुना और उनका समाधान करने का आश्वासन भी दिया। इसके बाद कुलदीप सिंह राठौर ने ग्राम पंचायत के महिला मंडल ठाया की ओर से राजीव गांधी संवर्द्धन योजना के अंतर्गत रोपे गए पौधों का निरीक्षण किया। महिला मंडल ठाया को 20 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। राठौर ने कहा कि यह योजना पर्यावरण संरक्षण में लाभदायक सिद्ध होगी। ग्राम पंचायत कांगल के अंतर्गत आने वाले गांव रिहाड़ी के लोगों ने पिछले छह महीनों से सड़क बंद होने के कारण आमजन को हो रही समस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस समस्या के बारे में महिला मंडल प्रधान प्रवीण शर्मा ने कहा कि सड़क न खुलने के कारण लोगों को अपना जीवनयापन करना भी मुश्किल होता जा रहा है। साथ ही ठाया गांव के लोगों ने भी अपनी सड़क की समस्या को उनके समक्ष रखा। इस मौके पर डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन विभाग, डीएफओ कोटगढ अरुण कुमार, प्रधान ग्राम पंचायत कांगल कृतिका नेगी, विनोद कंवर, योधराज, चिरंजी लाल, मेजर दिवान चंद बौक्टा, चुन्नी लाल अत्री आदि मौजूद रहे।