काफनू-यांगपा सड़क पर 2.10 करोड़ रुपये से बने बैली ब्रिज किया लोकार्पित
मंत्री ने लोगों की समस्याओं को सुना, मांगों को पूरा करने का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने वीरवार को निचार उपमंडल की तीन पंचायतों में करीब सात करोड़ रुपये की राशि के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मंत्री जगत सिंह नेगी ने सबसे पहले ग्राम पंचायत यांगपा-2 में 1.14 करोड़ रुपये राशि से बनने वाले पंचायत भवन और 83 लाख रुपये से निर्मित होने वाले कुलदेव नारायण सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया। मंत्री ने पंचायत में निर्माणाधीन भगवती मंदिर के बचे हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया और स्थानीय लोगों से प्राप्त हुई सभी उचित मांगों को शीघ्र पूर्ण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री ने काफनू पंचायत में हेल्थ वेलनेस सेंटर, 55 लाख रुपये की राशि से बने राजकीय प्राथमिक पाठशाला के अतिरिक्त भवन और सामुदायिक शौचालय का लोकार्पण किया। साथ ही 10 लाख रुपये की राशि से निर्मित होने वाले बास्केटबाल कोर्ट और 95 लाख रुपये से बनने वाले पंचायत भवन का शिलान्यास किया। मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला काफनू को 50 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके अलावा लड़कियों की जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली छात्राओं को क्रमशः 15 हजार, 10 हजार और सात हजार रुपये की राशि प्रदान की।
मंत्री ने यांगपा-1 ग्राम पंचायत में काफनू-यांगपा सड़क पर 2.10 करोड़ रुपये की राशि से बने 120 फीट लंबे बैली ब्रिज, रालो सड़क पर भावा खड्ड में 2.30 करोड़ रुपये से बने बैली ब्रिज, 10 लाख रुपये से बने मुख्य प्रवेश द्वार और सात लाख रुपये की राशि से बने सामुदायिक भवन के ऊपर बैठक स्थल और नाग मंदिर का उद्घाटन किया। साथ ही पांच लाख रुपये की राशि से बनने वाले स्नानगृह का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना और मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य सहित जनजातीय जिलों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और उपेक्षित वर्गों के उत्थान, कल्याण और सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आपदा से हुए नुकसान की भरपाई को राज्य सरकार दृढ़ता व पूर्ण निष्ठा से पूरा करने का प्रयास कर रही है, जिसके तहत रहता मैन्युअल में बदलाव करने के साथ लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
इस दौरान किनफेड के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, तहसीलदार निचार अरुण कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत टाशी छोड़ुप नेगी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा, उप निदेशक उद्यान डॉ. भूपेंद्र नेगी, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. अरुण गौतम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश धीमान, जिला विकास अधिकारी प्यारे लाल नेगी, उप पुलिस अधीक्षक उमेश्वर राणा, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अधिकारी धनवीर ठाकुर, ग्राम पंचायत यांगपा-2 के प्रधान ईश्वर नेगी, काफनू ग्राम पंचायत प्रधान अरुणा प्रभा, कांग्रेस के आईटी सेल के प्रभारी मनोज नेगी उपस्थित रहे।