थुंदल स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह में गांव के बजुर्ग और महिलाएं बच्चों के साथ। संवाद
पहली बार राजकीय मिडल और प्राइमरी स्कूल ने मनाया संयुक्त रूप से वार्षिक समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। राजकीय मिडल और प्राइमरी स्कूल थुंदल ने पहली बार संयुक्त रूप से वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया। समारोह में सरी पंचायत के पूर्व प्रधान मान सिंह कटाइक और समाजसेवी धर्मेंद्र ठाकुर ने मुख्यअतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में मुख्य अतिथि ने शिक्षा और खेल में अव्वल रहने वाले दोनों स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने संस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिसका उपस्थित अभिभावकों और लोगों ने भरपूर आनंद उठाया। स्कूली कलाकारों ने इंटरनेट से होने वाले दुष्परिणाम पर एक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की। नाटिका के जरिये संदेश देने की कोशिश की कि आज के दौर में बढ़ते मोबाइल के इस्तेमाल से बच्चों पर क्या असर पड़ रहा है। समारोह में सेवानिवृत्त अध्यापक कौशल्या देवी शर्मा, पूर्व उप प्रधान यशपाल आजाद, थुंदल पंचायत के उपप्रधान सुनील शर्मा वशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त युवा आइकन विनोद कटाइक कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
जरूरतमंद बच्चों की आर्थिक मदद करेंगे कौशल्या शर्मा, धर्मेंद्र ठाकुर
राजकीय मिडल और प्राइमरी स्कूल थुंदल में अध्ययनरत विद्यार्थियों की मदद के लिए एक बार फिर से हाथ उठे हैं। समाज सेवी धर्मेंद्र ठाकुर ने घोषणा की है कि अगले सत्र में सभी स्कूली बच्चों के लिए वह ट्रैक सूट देंगे। उन्होंने अध्यापकों से आग्रह किया कि नए सत्र में जितने भी विद्यार्थी अध्ययनरत होंगे, उनकी सूची उन्हें प्रदान की जाए। इसी विद्यालय से सेवानिवृत्त हुई अध्यापिका कौशल्या देवी शर्मा ने भी ऐलान किया कि यदि स्कूल के किसी भी विद्यार्थी को आर्थिक मदद की आवश्यकता हो, तो वह उनसे संपर्क करें।
1963 के थुंदल स्कूल में पहली बार हुआ कार्यक्रम
साल 1963 में अस्तित्व में आए थुंदल विद्यालय में पहली बार कोई कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके साक्षी पंचायत के ऐसे कई लोग रहे, जो इस विद्यालय से पढ़ाई कर चुके हैं। वर्तमान में मिडल स्कूल थूंदल में कुल 47 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें से 15 छात्र मिडल, जबकि अन्य 32 विद्यार्थी प्राइमरी सेक्शन में हैं। यह स्कूल मात्र तीन अध्यापकों के सहारे पर चल रहा है। यूं कहे तो स्कूल अध्यापकों की राह देख रहा है।