बैठक में यातायात प्रबंधन, पार्किंग सहित तटबंध निर्माण को लेकर होगी चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी कस्बे की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के समाधान को लेकर 12 नवंबर को उपमंडलाधिकारी आनी की अध्यक्षता में बैठक होगी। बैठक में स्थानीय प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि के पदाधिकारी शामिल होंगे। एसडीएम कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार नगर की मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी।
बैठक में विशेष रूप से यातायात प्रबंधन, पार्किंग सुविधा, कचरा निपटान, स्वच्छता, कोर्ट रोड की स्थिति, स्ट्रीट लाइटें, सीवरेज, पुस्तकालय की पुस्तकों की उपलब्धता, सड़क, पानी, बिजली व्यवस्था, देउरी और आनी खड्डों पर तटबंध निर्माण, स्ट्रीट वेंडर नीति और किरन बाजार की समस्याएं प्रमुख रूप से चर्चा में रहेंगी। इसके साथ ही राहत शिविर एवं स्टेजिंग एरिया की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी। एसडीएम आनी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से बैठक में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने और निर्धारित विषयों पर अद्यतन जानकारी लेकर आने के निर्देश दिए हैं।