मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन ने ननखड़ी में की बैठक
मांगों को पूरा न करने पर मई में प्रदेशव्यापी हड़ताल करने का किया एलान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। मिडे-डे मिल वर्कर्स मांगें पूरी न करने पर मई में प्रदेशव्यापी हड़ताल करेंगे। यह बात मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन संबंधित सीटू ने ननखड़ी में आयोजित बैठक में कही। सीटू जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह और ननखड़ी अध्यक्ष कुशल्या ने कहा कि प्रदेश में कार्यरत 21 हजार मिड-डे मील कर्मियों की स्थिति बेहद दयनीय है। मात्र 4500 रुपये प्रतिमाह वेतन घोषित किया गया है जोकि कई महीनों तक नहीं मिलता है। समय पर वेतन न मिलने से जीवनयापन करना मुश्किल हो गया है। प्रदेश उच्च न्यायालय की सिंगल बेंच ने वर्ष 2019 और डबल बेंच ने वर्ष 2024 में फैसला दिया है कि मिड-डे मील कर्मियों को 10 महीने के बजाय 12 महीने का वेतन दिया जाए। प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक इस फैसले को लागू नहीं किया गया है। इन मांगों को लेकर ननखड़ी में शनिवार को बैठक का आयोजन किया गया।
अध्यक्ष कुशल्या ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के लिखित आदेशों के बावजूद मिड-डे मील वर्करों से किचन गार्डन, झाड़ियां काटने, साफ-सफाई, पानी की टंकियां साफ करवाने और अन्य अतिरिक्त कार्य करवाया जाता है जिसका अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जाता है। बैठक में सीटू जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह, चंद्रपाल, जीतराम, सीता, निर्मला देवी, शकता, गौरा, कमला, कलावती, गंगा देवी, सोधा देवी, मीना देवी, सीता, सुमित्रा और विजयी कुमारी विशेष रूप से मौजूद रहीं।