रामपुर बुशहर। राजकीय अध्यापक संघ शिक्षा खंड रामपुर की बैठक में लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वहीं शिक्षकों ने हेमराज कायस्थ को राजकीय अध्यापक संघ जिला शिमला का महासचिव चुने जाने पर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने वर्तमान राज्य अध्यक्ष विरेंद्र चौहान की कार्यप्रणाली पर विश्वास जताते हुए कहा कि वह एक बार फिर से प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे।
इस दौरान बैठक में पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने, सातवें वेतन आयोग को लागू करने, उप प्रधानाचार्य की अधिसूचना को रद्द करने, प्रवक्ता स्कूल कैडर न्यू की अधिसूचना को निरस्त करने, पीटीए शिक्षकों को नियमित करने जैसे विभिन्न ज्वलंत मुद्दे जोर-शोर से उठे। संघ ने सरकार से जल्द से जल्द उपरोक्त मांगों को पूरा करने की पुरजोर मांग उठाई।
वहीं इस मौके पर शिक्षा खंड रामपुर के अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा ने सदस्यों को संबोधित किया। इस मौके पर खंड महासचिव निरंजन शर्मा, वित्त सचिव चैन राम, संयुक्त सचिव विपिन प्रकाश, प्रेस सचिव जगदेव शर्म, पद्म नेगी, संजीव ठाकुर, नीरज कुमार सहित कई अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
रामपुर में होगी संघ की आमसभा
जिला महासचिव एवं खंड अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा ने कहा कि राज्यस्तरीय चुनाव के बाद प्रदेश राजकीय अध्यापक संघ की आम सभा का आयोजन रामपुर में किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र चौहान करेंगे और जिलाध्यक्ष महावीर कैंथला बैठक को संबोधित करेंगे। उन्होंने संयुक्त बयान में रामपुर और सराहन खंड के सभी शिक्षकों से आह्वान किया है आगामी आयोजित होने वाली बैठक में बढ़-चढ़ कर भाग लें, जिसकी तिथि बाद में निर्धारित की जाएगी।