सीपीआईएम लढागी इकाई ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विभिन्न विभागों से की मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी खंड की सीपीआईएम इकाई लढागी ने क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर उद्यान, कल्याण और बिजली बोर्ड के अधिकारियों से मुलाकात की। इकाई सचिव बुच्छैर पदम प्रभाकर ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीब और पात्र लोगों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचे, इसके लिए विभागों को जमीनी स्तर पर कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को स्थानीय मुद्दों को लेकर आनी में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। कल्याण विभाग से मांग उठाई कि पात्र लोगों की रिपोर्ट मौके पर जाकर तैयार की जाए, ताकि मकान, पेंशन, अन्य योजनाओं का लाभ सही और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे। उद्यान विभाग से बागवानों को एंटी हेलनेट पर मिलने वाली सब्सिडी समय पर प्रदान करने, दवाइयों और मशीनरी पर मिलने वाले अनुदान को पारदर्शी तरीके से बांटने की मांग उठाई गई। प्रभाकर ने कहा कि बागवानी क्षेत्र आनी की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए बागवानों को समय पर सहायता मिलनी आवश्यक है। इसके अलावा बिजली विभाग से क्षेत्र में जर्जर लाइनों को सुधारने, नए खंभे लगाने और ट्रांसफार्मरों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त करने की मांग रखी। पदम प्रभाकर ने बताया कि अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।