माता भजन दासी और पिता शिशुपाल ने दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी
विज्ञापन
मुर्मू के हाथों से लिया बेटे का सम्मान
27 फरवरी 2023 को मस्जिद में घूस कर मार गिराया था एक आतंकी
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल के पिथवी गांव के बलिदानी पवन कुमार धंगल को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह में बलिदानी पवन कुमार धंगल की माता भजन दासी और पिता शिशुपाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों बेटे का यह सम्मान प्राप्त किया है। 27 फरवरी, 2023 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के एक गांव में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी को मार गिराकर पवन बलिदान हो गए थे। पुलवामा के एक गांव में आतंकवादियों के छुपे होने की सूचना के बाद घेरा बंदी करने के लिए सेना की टुकड़ी रवाना हुई थी। सेना की इस टुकड़ी रामपुर उपमंडल के पिथवी गांव के सिपाही पवन कुमार भी शामिल थे। पिछले वर्ष शहीद पवन कुमार के पार्थिव शरीर को उनके घर लाने वाले सहयोगियों ने बताया था कि टीम ने सारे गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन आतंकी कहीं नहीं मिले। आखिर में गांव की एक मस्जिद में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, तो पवन कुमार सबसे पहले मस्जिद के दरवाजे से अंदर गया। मस्जिद के अंदर घात लगाए एक आतंकी ने गोलियां चला दीं। इस दौरान दूसरे साथी को गोलियां लगी तो पवन कुमार ने उसे पीछे धकेल दिया। इस दौरान आतंकी ने पवन कुमार पर भी गोलियां चलाईं, जिससे पवन घायल हो गया। पवन ने घायल अवस्था में ही अदम्य साहस का परिचय देते हुए आतंकी की बंदूक को मुंह के पास से ऊपर की ओर मोड़ दिया। बंदूक को मुंह के पास से पकड़ने के कारण पवन कुमार हाथ भी जल गया था। मस्जिद के अंदर ही छिपे एक और आतंकी ने पवन कुमार की पीठ पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस कारण वे गंभीर घायल हो गए। इस अवस्था में भी पवन ने एक आतंकी मार गिराया, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण पवन को डॉक्टर नहीं बचा पाए और वे देश के लिए बलिदान हो गए।
पिता ने कहा- बेटे ने किया गौरवान्वित
बलिदानी पवन कुमार के पिता शिशुपाल धंगल ने कहा कि बलिदानी पुत्र को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित होने पर वे गौरवान्वित हैं। बेटे के बलिदान ने परिवार और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। रामपुर क्षेत्र से शहीद पवन कुमार कीर्ति चक्र पाने वाले पहले व्यक्ति है। मरणोपरांत कीर्ति चक्र मिलना देश, प्रदेश और रामपुर क्षेत्र को गौरव की बात है। पवन कुमार धंगल ने ज्यूरी स्कूल से ही अपनी दस जमा दो तक की पढ़ाई पूर्ण की और ज्यूरी बाजार में ही अपना बचपन गुजारा था।
रामपुर ब्लाक समिति के उपाध्यक्ष रूपेश्वर सिंह, किन्नू पंचायत के प्रधान हेमराज, ज्यूरी पंचायत के उप प्रधान अरुण शर्मा, बधाल के उप प्रधान संजय जिंटू, व्यापार मंडल ज्यूरी के प्रधान जय प्रकाश धंगल, सचिव सुनील शर्मा, अरविंद सूद, मून लाइट यूथ कल्ब के प्रधान धर्म सेन मेहता सहित कई लोगों ने कीर्ति चक्र मिलने पर क्षेत्र के लिए गौरव की बात कही।