चौपाल विधानसभा क्षेत्र के चड़ोली वार्ड से बतौर निर्दलीय उम्मीदवार जीत की हासिल
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी नेरवा (रोहड़ू)। पॉलीटिकल की छात्रा ने राजनीति में एंट्री ली है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की 23 वर्षीय छात्रा मन्नत तेगवान ने चौपाल विधानसभा क्षेत्र के चड़ोली जिला परिषद वार्ड से चुनाव जीता है। मन्नत ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की है। मन्नत वर्तमान में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही हैं। मन्नत ने बीए की पढ़ाई पंजाब यूनिवर्सिटी से 2025 में पास की है। मन्नत तेगवान ने बताया कि उन्हें सभी वर्गों और विचारधाराओं के लोगों का आशीर्वाद मिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका निकट भविष्य में किसी राजनीतिक दल में जाने का कोई इरादा नहीं है। वह दलगत राजनीति से दूर रहकर अपनी सारी ऊर्जा अपने वार्ड के विकास में लगाना चाहती हैं। उन्होंने जनता के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उनकी प्राथमिकता ऑनलाइन वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से क्षेत्र के रोगियों का इलाज करवाना है। इसके लिए राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़ और एम्स के सेवानिवृत्त विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद ली जाएगी।
विकास और शिक्षा पर जोर
मन्नत तेगवान छात्रों को ऑनलाइन शिक्षा दिलवाने का प्रबंध करेंगी। वह महिलाओं के लिए सिलाई केंद्र भी खुलवाएंगी। उनका मुख्य उद्देश्य अपने वार्ड का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। यह पहल स्थानीय समुदाय को सशक्त बनाने में सहायक होंगी।
शिमला जिला परिषद में छह वार्डों में युवा प्रत्याशियों की ताजपोशी हुई है। इनमें 21 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा शामिल हैं। इनमें सबसे कम उम्र में टियाली वार्ड से 22 वर्षीय नेहा जगटा ने जीत हासिल की। नरैन वार्ड से 23 वर्षीय रॉनी जीते। चडौली वार्ड से 23 वर्षीय मन्नत तेगवान जीतीं। त्यावल ज्यूरी वार्ड से 26 वर्षीय अनुराधा ने जीत दर्ज की। चमियाना वार्ड से 27 वर्षीय खुशविक्रम जीते हैं। झाकड़ी वार्ड से 28 वर्षीय ममता ने जीत हासिल की है। वहीं सबसे अधिक उम्र 69 वर्ष के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। टिक्कर वार्ड से 69 वर्षीय भरत सिंह कलांटा ने जीत हासिल की।