कबड्डी में साईं हॉस्टल धर्मशाला ने जुब्बल रेड को हराकर खिताब जीता
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। क्षेत्र का प्राचीन और ऐतिहासिक ऋषि पंचमी मेले की पूर्व संध्या पर सीरिगढ़ स्पोट्र्स क्लब दलाश की ओर से चार दिनों से आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ।
समापन समारोह में भाजपा मंडल आनी के अध्यक्ष योगेश भार्गव बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। प्रदेश विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रो. डॉ. सुनीता ठाकुर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। मुख्यातिथि ने विजेताओं को पुरस्कार देकर नवाजा।
प्रतियोगिताओं में लोकनृत्य में महिला मंडल ढमाह ने बाजी मारी। महिला मंडल दागी ने दूसरा और महिला मंडल तदाशा ने तीसरा स्थान पाया। शतरंज में देवकृष्ण शर्मा पहले स्थान पर रहे। कबड्डी की छात्रा वर्ग स्पर्धा में साईं हॉस्टल धर्मशाला प्रथम और स्पोट्र्स हॉस्टल जुब्बल रेड दूसरे स्थान पर रहा। वॉलीबाल में डिग्री कॉलेज आनी प्रथम और डिग्री काॅलेज संजौली दूसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह में मुख्यातिथि ने दलाश क्षेत्र की जनता को मेले की बधाई दी और स्पोट्र्स क्लब द्वारा करवाए जाने वाली इस खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, किसान मोर्चा अध्यक्ष मोहन ठाकुर, अरसू पंचायत उपाध्यक्ष उमेश वर्मा, पिंकू ठाकुर, हितेंद्र ठाकुर, बीएस ठाकुर, लोकेश चंद, दलाश पंचायत प्रधान सत्येंद्र शर्मा, उपप्रधान सोहनी राम राठी, स्पोट्र्स क्लब के अध्यक्ष दुष्यंत परमार और महासचिव विनय वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।