संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। गणतंत्र दिवस पर उपमंडल मुख्यालय आनी में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें 60 वर्षीय लूरमा देवी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। लूरमा देवी बीते कई वर्षों से लावारिस पशुओं की सेवा कर रही हैं। डेढ़ वर्ष पूर्व उनकी यह कहानी समाचार पत्र में प्रकाशित हुई थी, जिसमें बताया गया था कि वह स्वयं अभावों में जीवन यापन करने के बावजूद रोजाना आवारा पशुओं का पेट भरती हैं और सरकार की किसी भी कल्याणकारी योजना से लाभान्वित नहीं हैं। इसके बाद राज्यपाल ने संज्ञान लेते हुए तत्कालीन उपायुक्त कुल्लू को आवश्यक निर्देश जारी किए थे। इसके परिणामस्वरूप आज लूरमा देवी के पास आधार कार्ड, वोटर आईडी, पेंशन, बिजली, पानी और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं, गणतंत्र दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न शिक्षण संस्थानों और संगठनों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कन्या विद्यालय आनी ने समूह गान प्रस्तुत किया, जबकि एचएमएस, मिशन स्कूल और एलपीएस के विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। एसवीएम आनी की ओर से प्रस्तुत लोकनृत्य और पीएमश्री आनी के विद्यार्थियों के वाद्य वादन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। महिला मंडल पार्लीधारार ने भी सुंदर लोकनृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट, डीएसपी राजीव मेहता, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी परस राम, तहसीलदार रत्नेश्वर शर्मा, कार्यकारी बीडीओ अंजना शर्मा, टीडब्ल्यूओ मंजुला शर्मा, नायब तहसीलदार मोती राम, प्रवक्ता कुंदन शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आम जनता उपस्थित रही।