दो साल से लोक निर्माण विभाग नहीं ले रहा सुध, विभाग की कार्यप्रणाली पर भारी रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। लोक निर्माण विभाग सब डिवीजन नित्थर के तहत आने वाली लूहरी-नित्थर-बांदल सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है। इस सड़क पर कई जगह बरसात के दौरान डंगे गिर गए हैं, वहीं 10 से ज्यादा ऐसे डंगे हैं, जो बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ग्रामीणों में लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। उन्होंने विभाग को चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की हालत नहीं सुधरी, तो आंदोलन किया जाएगा। गौर हो कि नित्थर-ढमाह जीरो प्वाइंट सड़क के पास डंगा गिरा हुआ है, जिसे एक साल से ग्रामीण लोक निर्माण विभाग से लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया। यहां से आनी, चवाई और दलाश की ओर वाहनों की आवाजाही होती है। बुजुर्ग और छोटे बच्चों का गिरने का डर बना रहता है। वहीं, दुराह खड्ड के साथ और दुराह के पेरी से सराहर को जाने वाली सड़क पर पर दो डंगे गिरे हुए हैं, जिससे सड़क बेहद तंग हो गई है और हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। शिल्ली पंचायत के शेदरी के साथ कई डंगे गिरे हुए हैं। पढ़ौर के शरटी सड़क के किनारे भी डंगे को गिरे हुए काफी समय हो गया है। यह सड़क काफी संकीर्ण है और गहरी खाई बन गई है। पलेही पंचायत के रेची में भी डंगा गिरा हुआ है। लूहरी से नित्थर की तरफ भी डंगा गिरे काफी समय हो गया है। इसके अलावा इन सड़कों की नालियां भी बंद पड़ी हुई हैं, जबकि निरमंड और आनी की सड़कों के करोड़ों के कार्य हो रहे हैं और टेंडर लग रहे हैं।
अ
धिकारी
कहते हैं सब डिवीजन को भेजा है एस्टीमेट
स्थानीय ग्रामीण प्रदीप कुमार, संतोष, हरीश, प्रकाश चंद और संजीव कुमार सहित कई ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के नित्थर में ही कार्य नहीं हो रहे हैं, जबकि अन्य स्थानों पर काम हो रहे हैं। यदि जल्द सड़कों का सुधार नहीं हुआ, तो जनता उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी। जब भी समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग के सब डिवीजन नित्थर में सहायक अभियंता कमल देरटा और कनिष्ठ अभियंता हिमाशु से बात करते हैं, तो उनका हर बार यही जवाब होता है कि हमने काम का एस्टीमेट बनाकर लोक निर्माण विभाग सब डिवीजन निरमंड भेजा है।
जल्द लगाए जाएं गिरे हुए डंगे
प्रधान सरोज बाला, उपप्रधान यशपाल कटोच, प्रधान नित्थर जगदीश ठाकुर, ग्राम पंचायत दुराह के प्रधान गुरमेल सिंह, ग्राम पंचायत शिल्ली के प्रधान रजिंदर ठाकुर, ग्राम पंचायत पलेही की प्रधान सुषमा मेहता ने कहा है कि लोक निर्माण विभाग सब डिवीजन नित्थर के अंतर्गत आने वाली सड़कों के डंगे गिरे हुए हैं। इनको जल्द लगाना चाहिए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लोक निर्माण विभाग निरमंड के अधिशासी अभियंता मनोज भारद्वाज ने कहा कि जल्द ही टेंडर लगा दिए जाएंगे।