रामपुर कॉलेज में पीटीए की नई कार्यकारिणी गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय में अभिभावक शिक्षक संघ (पीटीए) की बैठक हुई। इसमें सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में गत वर्ष की कार्यकारिणी को भंग कर सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया ने की। इस दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की सुविधाओं के विस्तार और संस्थान के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में लोकराज ठाकुर को पीटीए अध्यक्ष, ज्योति लाल सहानी को उपाध्यक्ष, डॉ. प्रताप ठाकुर को महासचिव, देविका को संयुक्त सचिव और प्रकाश सिंह ठाकुर को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं, मोहर सिंह को मुख्य सलाहकार तथा ललित बदरेल और कमला नंद को ऑडिटर की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकारिणी सदस्यों में डॉ. विद्या बंधु नेगी, डॉ. राजन देवी नेगी, प्रोमिला ठाकुर, तेलू राम, सुरेंद्र ठाकुर, हुकुम ठाकुर और रीना देवी को शामिल किया गया।
बैठक का संचालन डॉ. प्रताप ठाकुर ने किया। उन्होंने पिछली बैठक की कार्यवाही और पीटीए की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। साथ ही संघ का आय-व्यय विवरण भी सदस्यों के समक्ष रखा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संस्थान में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं के लिए गर्ल्स कॉमन रूम, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए परीक्षा भवन और शैक्षणिक बैठकों एवं सम्मेलनों के लिए कॉन्फ्रेंस रूम विकसित करने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन, शैक्षणिक प्रगति और परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए शिक्षकों तथा अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
नई पीटीए कार्यकारिणी महाविद्यालय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों की आवश्यकताओं, शैक्षणिक सुविधाओं और संस्थान के विकास से जुड़े कार्यों में सहयोग करेगी। बैठक में दीपेक्ष शर्मा, साहेब सिंह और राजेश्वर ठाकुर सहित शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।