ग्रामीणों में दहशत
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। शहीद डोला राम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नित्थर के साथ नित्थर, आनी जीरो प्वाइंट सड़क पर दो दिनों से तेंदुआ घूम रहा है। इसके कारण लोगों में दहशत है। क्षेत्र में शिल्ला बंगला फॉरेस्ट साइट है। यहां सुबह-शाम बच्चे, महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग सैर सपाटे के लिए जाते हैं। खासकर बच्चों का यहां ज्यादा आना-जाना रहता है। ऐसे में डर के साये में आवाजाही करने को लोग मजबूर हैं।
स्थानीय निवासी संतोष, हरीश, राकेश, सुशील और टेक चंद का कहना है कि जिस तरह से अज्ञात लोग जंगल में आग लगा रहे हैं, उसका नतीजा है कि जानवर मारे जा रहे हैं। खाने के लिए कुछ भी नहीं बचा है। इसलिए जंगली जानवरों ने रिहायशी इलाकों की तरफ पलायन करना शुरू कर दिया है। दो दिनों से तेंदुआ दिनदहाड़े रिहायशी इलाके में घूम रहा है। इसके कारण खतरा बना हुआ है। उन्होंने विभाग से समस्या दूर करने की मांग उठाई है।
रेंज अधिकारी वन विभाग नित्थर सोहन लाल नेगी ने कहा कि शाम के समय सभी लोग एहतियात बरतें। खासकर बच्चों को शाम के समय जंगल की तरफ न जाने दें, ताकि किसी को कोई नुकसान न हो।