अर्की के साई गांव में घर में घूसा तेंदुआ। स्रोत : जागरूक पाठक
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। उपमंडल अर्की की साई पंचायत के तहत आने वाले साई गांव में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में तेंदुए ने एक घर के आंगन में घुसकर पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार बीते बुधवार आधी रात को तेंदुआ साई गांव निवासी गोपाल शर्मा के घर के आंगन में दाखिल हुआ। उस समय घर की दूसरी मंजिल की छत पर कुत्ता लेटा हुआ था। जैसे ही कुत्ते ने नीचे झांका, तेंदुए की नजर उस पर पड़ गई। तेंदुआ दूसरी मंजिल की सीढ़ियों पर चढ़ा और बंद गेट के ऊपर से छलांग लगाकर कुत्ते के करीब पहुंच गया। हालांकि, कुत्ता अंधेरे का फायदा उठाकर पीछे की ओर भागा, लेकिन जैसे ही उसने भौंकने की आवाज निकाली, तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे उठाकर ले गया। साई गांव के ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से तेंदुआ लगातार उनके पशुओं को निशाना बना रहा है। अब तक यह खूंखार जानवर कई खच्चरों, गायों, बकरियों और कुत्तों को मौत के घाट उतार चुका है। रात के सन्नाटे में कुत्ते की आखिरी चीखें सुनकर घरवाले जागे तो सही, लेकिन तब तक तेंदुआ अपने शिकार को लेकर ओझल हो चुका था।
वन विभाग जल्द लगाएगा पिंजरा
तेंदुए के बढ़ते हमलों को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस संबंध में डीएफओ राजकुमार ने बताया कि विभाग लोगों की जान-माल की सुरक्षा के प्रति गंभीर है। स्थिति का जायजा लेते हुए जल्द ही प्रभावित क्षेत्र में तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।