नालागढ़ (सोलन)। उपमंडलाधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने शुक्रवार को पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन के दृष्टिगत राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम तथा मतगणना हॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, सुरक्षित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग और मतगणना हॉल में प्रत्याशियों एवं एजेंटों के बैठने की व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा आयोग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्र पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। संवाद