रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का आयोजन हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 11 से 14 नवंबर तक होगा। शुक्रवार को लवी मेले के आयोजन को लेकर मेला कमेटी सचिव एवं एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस मौके पर मेला कमेटी के सचिव ने कहा कि इस वर्ष प्लॉट आवंटन में पारदर्शिता बरती जाएगी और व्यापारियों की ओर से सबलेटिंग पर अंकुश लगाया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को उचित मूल्य पर सामान मिल सके। एसडीएम ने यातायात व्यवस्था और पार्किंग के संबंध में पुलिस विभाग के अधिकारियों से विचार-विमर्श किया और मेले में ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित रखने को लेकर उचित दिशा-निर्देश दिए।
पंचायत समिति सभागार में आयोजित बैठक के दौरान एसडीएम ने मेले में बिजली, पानी, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था, सेनिटेशन सहित अन्य व्यवस्थाओं को जायजा लिया। वहीं उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले कलाकारों के लिए ऑडिशन करवाए जाएंगे, जो भाषा कला एवं संस्कृति विभाग और प्रशासनिक टीम द्वारा लिए जाएंगे। उन्होंने परिवहन निगम के अधिकारियों को लवी मेले के दौरान अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करवाने को लेकर भी निर्देश दिए। इस मौके पर निगम के अधिकारी ने बताया कि मेले के दौरान ज्यूरी, गौरा और सैंज के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।
वहीं इस मौके पर डीएसपी अभिमन्यु वर्मा, स्थानीय विधायक नंदलाल, तहसीलदार विपन ठाकुर, बीडीओ केआर कपूर, एमएस नरेंद्र मेहता, बीएमओ आरके नेगी, पंस अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, थाना प्रभारी रविंद्र नेगी, पूर्व विधायक निंजू राम सहित नगर परिषद रामपुर के पार्षद और शहर भर से आए लोग मौजूद रहे।
चार से 6 नवंबर तक होगी अश्व प्रदर्शनी
पूर्व सुनियोजित कार्यक्रमों की तरह मेला कॉलेज मैदान और सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन पद्म वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर किया जाएगा। मेले से अश्व प्रदर्शनी 4 से 6 नवंबर तक होगी और चामुर्थी नस्ल के घोड़े इस प्रदर्शनी में लाए जाएंगे।