ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। ज्यूरी के साथ लगते बधाल में किन्नौर-शिमला सीमा के साथ नेशनल हाईवे पांच पर बुधवार को एक जीप पर पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरे। हादसे में जीप क्षतिग्रस्त हो गई। जीप में सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को पहले पीएचसी ज्यूरी लाया गया, जहां से दो गंभीर रूप से चोटिल लोगों को रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस थाना झाकड़ी से मिली जानकारी के मुताबिक शिमला-किन्नौर सीमा पर बधाल के समीप भूस्खलन की चपेट में एक जीप एचपी 37 सी 6633 आ गई। इस गाड़ी में चार लोग सवार होकर किन्नौर से ज्यूरी की ओर आ रहे थे। चलती गाड़ी पर भूस्खलन से पत्थर और मलबा आ गिरा। इस हादसे में वाहन के इंजन के चिथड़े उड़ गए। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना ज्यूरी पुलिस को दी। ज्यूरी चौकी के हेड कांस्टेबल मनोज कुमार ने बताया कि इस हादसे में चालक नरेश कुमार, सुरजीत कुमार, रजनीश और अजेंद्र को चोटें आई हैं। नरेश कुमार और सुरजीत को रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन में जुट गई है। हादसे की पुष्टि डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि हादसे में चार लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस छानबीन में जुटी है।