रामपुर बुशहर/ननखड़ी। रामपुर और ननखड़ी की सड़कों को इस बार की बरसात ने करोड़ों रुपये की क्षति पहुंचाई है। उपमंडल की रैला-खनोग सड़क को बहाल होने में अभी भी करीब एक माह का समय बीत जाएगा। लोक निर्माण विभाग की ननखड़ी-टिक्कर-खमाड़ी सड़क को सबसे अधिक एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बीते वर्षों के मुकाबले इस वर्ष विभाग और सरकार को अधिक आर्थिक चपत लगी है।
रामपुर और ननखड़ी तहसील की करीब 19 सड़कें बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं, जिनमें विभाग को करोड़ों का नुकसान हुआ है। सड़कों पर जहां जगह-जगह डंगे गिर गए हैं, वहीं कई सड़कों का नामोनिशान तक मिट गया है। रैला-खनोग सड़क पर करीब 30 मीटर सड़क पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है, जिसे फिर से बहाल करने में विभाग को करीब एक माह का समय लग जाएगा। वहीं लोक निर्माण विभाग ने क्षेत्र की एक सड़क को छोड़कर सभी मार्गों को यातायात बहाल कर दिया है।
वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता एसके सोबती के अनुसार इस बार भारी बरसात से उपमंडल की सड़कों को 2 करोड़ 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। विभाग ने सभी सड़कों बहाल कर दिया है। रैला खनोग सड़क को बहाल होने में करीब एक माह का समय लग जाएगा। मार्ग की दुर्दशा सुधारने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
इन सड़कों को पहुंची है भारी क्षति
वहीं निरथ-पांडाधार-देलठ -ननखड़ी सड़क को 30 लाख, रामपुर दरकाली सड़क को 21 लाख, रामपुर-गौरा-मशनू सड़क को 20 लाख, कूट-किन्फी 15 लाख, मशनू-तकलेच मार्ग को 15 लाख, चंडीब्रांडा 10 लाख, बेलुपुल - सूरड़बंगला सड़क को 10 लाख रुपये का नुकसान इस बारिश से पहुंचा है। कुल मिला कर लोक निर्माण विभाग को 2 करोड़ 40 लाख का नुकसान झेलना पड़ा।