सोमवार रात को अवरुद्ध हुआ था मार्ग, बहाली के कार्य में आईं कई दिक्कतें, आवाजाही में भी लोग हुए परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर(किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के हजारों लोगों की दुश्वारियां थमने का नाम नहीं ले रही। जिले के निगुलसरी सेक्टर-26 में नेशनल हाईवे-पांच बार-बार बाधित हो रहा है। इस कारण हजारों लोगों को आवाजाही करना परेशानियों भरा बना हुआ है। सोमवार शाम को जिले में भारी बारिश हुई। इस कारण निगुलसरी में पहाड़ी से भारी भरकम चट्टानों के दरकने का सिलसिला शुरू हो गया। पहाड़ी से भारी भूस्खलन और चट्टानें दरकने के कारण सोमवार शाम सात बजे निगुलसरी में एनएच-पांच बाधित हो गया। पहाड़ी से गिरी चट्टानों के कारण करीब दो सौ मीटर एनएच पर मलबा ही मलबा भर गया। इस कारण परिवहन निगम की ओर से बसों में सवारियों को ट्रांसमिट कर आवाजाही करवाई गई। सोमवार रात को भूस्खलन से बाधित हुआ एनएच मंगलवार को शाम छह बजे करीब 23 घंटे बाद बहाल हो सका, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
यहां भूस्खलन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस कारण मार्ग बहाली का कार्य भी जोखिमों भरा बना हुआ है। एनएच को बहाल करने के लिए एनएचएआई ने दोनों ओर चार मशीनें और 15 मजदूर लगाए थे, लेकिन लगातार चट्टानें दरकने के कारण भारी मलबे को हटाना मुश्किल हो रहा था। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार शाम का एनएच बहाल हो सका।
दिनभर बसें ट्रांसमिट कर करवाई गई आवाजाही
मंगलवार को दिनभर एनएच बाधित होने के कारण शिमला-रामपुर से किन्नौर की ओर जाने वाले यात्रियों को निगुलसरी जीरो प्वाइंट से तरांडा टनल तक और यहां से आगे क्रामते तक करीब आधा किलोमीटर पैदल सफर करने को मजबूर होना पड़ा। वहीं, परिवहन निगम की ओर से बसों में सवारियों को ट्रांसमिट कर आवाजाही करवाई गई। निगुलसरी में लगातार हो रहे भूस्खलन से निपटने के लिए पुख्ता बंदोबस्त न होने के कारण जिले के हजारों लोगों की दुश्वारियां बरकरार हैं। वहीं, एनएचएआई को भी बार-बार बाधित हो रहे मार्ग को बहाल करने में कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
पहाड़ी से हो रहे भारी भूस्खलन के कारण निगुलसरी में एनएच-पांच बार-बार बाधित हो रहा है। सोमवार रात को बाधित हुए एनएच को बहाल करने के लिए सड़क के दोनों ओर चार मशीनें और करीब 15 मजदूर लगाए गए। मंगलवार शाम को एनएच-पांच आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया।
- सतीश जोशी, कनिष्ठ अभियंता, एनएचएआई
एनएच पांच निगुलसरी भूस्खलन पाइंट
एनएच पांच निगुलसरी भूस्खलन पाइंट