आनी के पर्यटन स्थल जलोड़ीजोत पहुंचनी है पेयजल योजना
लाडा के तहत 1.20 करोड़ रुपये की बनाई है योजना
योजना का 70 प्रतिशत काम पूरा, अभी तक 50 लाख रुपये का पहुंचा है बजट
हरिकृष्ण शर्मा
आनी (कुल्लू)। पर्यटन स्थल जलोड़ीजोत के लिए बन रही करशालाबाग से रघुपुरगढ़ उठाऊ पेयजल योजना का ठेकेदार ने काम रोक दिया है। रघुपुरगढ़ से जलोड़ीजोत योजना से स्थानीय लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने की योजना है। अब बजट के अभाव में इसका काम रुक गया है।
जलोड़ीजोत में पानी की कमी के चलते यहां आने वाले पर्यटकों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ती है। इसके अलावा व्यापारियों और लोगों को भी पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ता है। योजना सिरे चढ़ने से जलोड़ीजोत में पानी की समस्या दूर हो सकेगी। इससे पर्यटन कारोबार को पंख लगेंगे। पिछले डेढ़ महीने से पेयजल योजना का निर्माण कार्य ठेकेदारों ने बंद किया है। इस योजना की कुल लागत एक करोड़ 20 लाख रुपये है। इसमें से महज 50 लाख की राशि ही अभी तक पहुंच पाई है। जबकि योजना का 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। यह काम जारी राशि से काफी अधिक है।
ठेकेदार ने बजट न मिलने के चलते योजना का निर्माण कार्य बंद कर दिया है। लाडा के पैसों से जिला प्रशासन द्वारा यह योजना बन रही है, लेकिन समय पर बजट उपलब्ध न होने के कारण इस योजना का कार्य ठेकेदारों को बंद करना पड़ा। पर्यटन को विकसित करने के उद्देश्य की पूर्ति के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाए विजन में पैसों का अभाव रोड़ा बनता जा रहा है। क्षेत्र की जनता ने जिला प्रशासन से बकाया बजट को जल्द मुहैया करवाने के मांग उठाई है।
इस बारे में अधिशासी अभियंता किशोर कुमार शर्मा का कहना है कि इस योजना के कार्य को बजट उपलब्ध कर जल्द पूरा किया जाएगा। इस बारे में उपायुक्त और एडीएम कुल्लू से कई बार बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन वो उपलब्ध नहीं हो सके।