संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई( रोहडू)। डीएवी महाविद्यालय कोटखाई में सीएससीए (केंद्रीय छात्र संघ) ने मंगलवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर काॅलेज के पूर्व सीएससीए अध्यक्ष राजीव गांगटा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम की आगाज छात्राओं ने सरस्वती वंदना से किया। इसके बाद परीक्षित कश्यप ने नाटी पाता पानो रा हो मेरी गांगीये गीत की प्रस्तुति दी।
स्थानीय लोक कलाकार गौरव पारचा ने माए नी मेरीए चंबा कितनी दूर चंबयाली गीत गाकर खूब समां बांधा। लोक कलाकार प्रताप भारद्वाज ने प्यारी इंदिरा जाना घूमना जाखू नाटी गाकर सभा में उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोक कलाकार निशा गंधर्व ने भी एक के बाद एक नाटियों की प्रस्तुतियां से सभी का मनोरंजन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर राजकुमार जिस्टु ने सभी का आभार जताया। मंच का संचालन ईशा और कुदरत ने किया।