कोटखाई उपमंडल के विभागों में रिक्त पड़े हैं अधिकारियों के पद
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई(रोहडू)। कोटखाई उपमंडल के विभिन्न विभागों में अधिकारियों के पद रिक्त पडे हुए हैं। इनको भरने के लिए सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार कोटखाई के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। यह बात भाजपा मंडल महामंत्री अशोक जस्टा ने कही।
जस्टा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के कोटखाई मंडल में एक्सईएन का पद करीब दो वर्ष से रिक्त पड़ा है। इससे विभाग में कार्यरत स्टाफ की सही मॉनिटरिंग नहीं हो रही है। कोटखाई में सड़कों की हालत बद से बदतर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कोटखाई मंडल में बीते एक वर्ष से एसडीएम का पद भी खाली पडा हुआ है। इसकी सरकार कोई सुध नहीं ले रही है। खंड विकास अधिकारी का पद भी खाली है। कोटखाई में तैनात बीडीओ का प्रदेश सरकार ने तबादला कर दिया है। उपमंडल में अधिकारियों के रिक्त पदों के चलते कार्य प्रभावित हो रहे हैं। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष संदीप गांगटा, रविंदर घडेइक, विजय भारद्वाज, संजीव चौहान, रिंकू घालटा, मोहित नंदा और यशवंत शरेट, जीत राम, सुरेश शर्मा, आनंद सागर ने कहा कि 60 साल से ज्यादा समय से कांग्रेस का जुब्बल-कोटखाई में राज रहा है, लेकिन 2021 तक जुब्बल-कोटखाई में अपना एक भी एसडीएम कार्यालय नहीं था। कोटखाई के लोगों को अपना काम करवाने के लिए ठियोग और जुब्बल के लोगों को रोहड़ू जाना पड़ता था। दिवंगत नेता नरेंद्र बरागटा के प्रयासों से पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जुब्बल-कोटखाई को दो उपमंडल कार्यालय दिए। आज उन कार्यालयों में प्रदेश सरकार रिक्त पद भी नहीं भर पा रही है। कोटखाई के साथ शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। यहां पर जानबूझकर अधिकारियों के पद रिक्त रखे जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हों।