शुभम नेगी और अर्नव नेगी चुने गए बेस्ट एथलीट
सांगला में 53 स्कूलों के 638 खिलाड़ियों ने दिखाए प्रतिभा के जौहर
मुख्यातिथि ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जिला किन्नौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सांगला में आयोजित अंडर-14 छात्रवर्ग की खेलकूद स्पर्धा सोमवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता में जिले भर के 53 स्कूलों के 638 खिलाड़ियों ने प्रतिभा के जौहर दिखाए। फुटबाल, कबड्डी, बैडमिंटन, वाॅलीबाल और खो-खो सहित अन्य खेलों में छात्र खिलाड़ियों ने खूब पसीना बहाया। देवी चंडिका वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी को ओवरऑल विजेता के खिताब से नवाजा गया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में कांग्रेस जिला अध्यक्ष उमेश नेगी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। उपनिदेशक शिक्षा विभाग जिला किन्नौर कुलदीप नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। समापन समारोह में कबड्डी प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला कोठी और कल्पा के बीच खेला गया। कोठी ने कल्पा को हराया। वहीं शुभम नेगी और अर्नव नेगी को बेस्ट एथलीट के खिताब से नवाजा गया। लोकनृत्य में कटगांव स्कूल प्रथम और देवी चंडिका वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। खो-खो में सुंगरा स्कूल पहले और मूरंग स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। वॉलीबाल में रिकांगपिओ ने पहला और लियो स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। बॉस्केटबाल में देवी चंडिका स्कूल कोठी ने पहला और निचार स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। फुटबाल में देवी चंडिका स्कूल कोठी पहले और कल्पा स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। बैडमिंटन में लिप्पा स्कूल पहले और बरी स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। योग में कानम पहले और रूपी स्कूल दूसरे स्थान पर रहा।
शतरंज प्रतियोगिता में लियो ने पहला और लिटल एंजल पब्लिक स्कूल रिकांगपिओ दूसरे स्थान पर रहा। अनुशासन पुरस्कार से वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मूरंग को नवाजा गया। स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से चगांव को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर यशवीर सिंह नेगी, हरीश नेगी, अंकुश नेगी, संदीप नेगी, जगजीत सिंह नेगी, सुंदर कुमार नेगी, देविंद्र कुमार नेगी और मनोज नेगी सहित अन्य उपस्थित रहे।