रिकांगपिओ( किन्नौर)। हाल ही में हुए विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश मुख्यमंत्री और किन्नौर कांग्रेस विधायक के बीच हुई बहसबाजी को लेकर अब किन्नौर कांग्रेस गुस्सा है
किन्नौर कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में मुख्यमंत्री के विरोध में रैली निकाली। इस विरोध रैली में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भाजपा सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की ।
यह रैली कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई और पीएनबी बैंक तक पहुंची । इसके बाद वापिस रिकांगपिओ चौक पर पहुंची। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस के मौजूदगी में प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पुतला फूंका। किन्नौर कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी ने कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री की ओर से एक चुने हुए प्रतिनिधि किन्नौर विधायक जगत सिंह के साथ जिस तरह का व्यवहार किया है और जो अपशब्द कहे हैं वह निदंनीय है। उसी के विरोध में यह विरोध रैली निकाली गई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जब भी किन्नौर दौरे पर आएंगे तो किन्नौर कांग्रेस की ओर से उनका काले झंडों से स्वागत किया जाएगा।
जयराम प्रदेश के मुखिया हैं उनके मुंह से इस तरह की अशोभनीय भाषा शोभा नहीं देती है और यदि भविष्य में भी मुख्यमंत्री का यही रवैया रहा तो किन्नौर कांग्रेस इसे सहन नहीं करेगी तथा इसी तरह विरोध प्रदर्शन होते रहेंगे। विरोध प्रदर्शन में प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट डॉक्टर सूर्या बोरस नेगी, महासचिव निर्मल चंद्र नेगी, तीनों ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतम ,वीर सिंह , प्रेम कुमार, जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, प्रवक्ता सुखदेव नेगी , कुलवंत नेगी, कार्यालय सचिव भरत लाल नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल मौजूद रहे।