चार जिलों से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के तीमारदारों को दिया जा रहा लंगर
विज्ञापन
रक्तदान सेवा परिवार के सौजन्य से अस्पताल में चल रही रात्रि लंगर सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। प्रदेश के चार जिले के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने वाले महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल में चल रही लंगर सेवा मरीजों के तीमारदारों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। दूरदराज के क्षेत्रों से मरीजों के साथ पहुंचने वाले तीमारदारों के लिए रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी ने रात्रि लंगर सेवा चलाई है। इस सेवा का सबसे अधिक लाभ गरीब और जरूरतमंद तीमारदारों को मिल रहा है। अब मां भीमाकाली मंदिर न्यास की ओर से भी लंगर सेवा के लिए अंशदान दिया जाएगा। न्यास लंगर सेवा के लिए हर माह 10 हजार रुपये देगा। एक वर्ष में न्यास की ओर से कुल 1.20 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। हाल ही में मां भीमाकाली मंदिर न्यास की बैठक में यह फैसला लिया गया। शिमला में हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मंदिर न्यास की ओर से खनेरी अस्पताल में चल रही लंगर सेवा के लिए 10 हजार रुपये प्रतिमाह खर्च किए जाएंगे। न्यास सीएसआर नीति के तहत अस्पताल आने वाले जरूरतमंद मरीजों के तीमारदारों की लंगर सेवा के लिए यह राशि खर्च करेगा। न्यास के अध्यक्ष एवं लोक निर्माण मंत्री ने जनकल्याण को देखते हुए लंगर सेवा के लिए मदद देने की बात कही। रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी की ओर से बीते वर्ष 10 अक्तूबर से खनेरी अस्पताल में रात्रि लंगर सेवा का शुभारंभ किया था। सोसायटी तबसे निरंतर यह लंगर सेवा चला रही है। शहर और क्षेत्र के लोग इस लंगर सेवा में सोसायटी का भरपूर सहयोग दे रहे हैं। जन्मदिवस, विशेष प्रायोजन को देखते हुए लोग सोसायटी की रात्रि लंगर सेवा में आर्थिक रूप से मदद कर रहे हैं।
न्यास की ओर से खनेरी अस्पताल में चल रही लंगर सेवा के लिए हर माह 10 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। न्यास की बैठक में इस बारे में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है। -हर्ष अमरेंद्र सिंह, मां भीमाकाली मंदिर न्यास के सचिव एवं एसडीएम रामपुर