जिले के तीनों खंडों के हजारों लोगों के साथ पर्यटक झेल रहे परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। कड़छम से पोवारी तक राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच पर सफर करना जोखिम से कम नहीं है। करीब 13 किलोमीटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे ही गड्ढे हैं, वहीं कई स्थानों पर भूस्खलन होने से बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर ही पड़े हैं। इस कारण इस मार्ग पर सफर करना खतरनाक बना हुआ है। वहीं, लोगों में एनएच प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है।
कड़छम से पोवारी तक जगह-जगह एनएच पांच की हालत बद से बदतर बनी हुई है। मार्ग की दयनीय दशा के कारण हजारों लोगों के साथ-साथ किन्नौर की वादियों को निहारने पहुंचने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा खराब हालत शोंगठोंग के पास लाल ढांक, पोवारी, आर्मी क्षेत्र शोंगठोंग के पास, रल्ली और अन्य स्थानों पर बनी हुई है। करीब 13 किलोमीटर एनएच की बद से बदतर हालत होने से रिकांगपिओ पहुंचने वाले तीनों ब्लॉक कल्पा, निचार और पूह के हजारों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
प्रधान चांसू बीरबल लोक्ट्स, प्रधान कल्पा पंचायत सरिता नेगी, प्रधान रोघी रत्न मंजरी नेगी, प्रधान शुदारंग पंचायत दलीप नेगी, प्रधान ख्वांगी सत्या देवी नेगी, प्रधान पांगी कालजंग मणी नेगी, प्रधान कोठी पंचायत ओम प्रकाश नेगी, प्रधान दुनी पंचायत दिवान नेगी, उपप्रधान कोठी पंचायत महेश नेगी, उपप्रधान तेलंगी प्रशांत नेगी, जिला परिषद सदस्य कल्पा सरिता नेगी और बीडीसी सदस्य कोठी करुणा देवी नेगी समेत अन्य ग्रामीणों ने कहा कि एनएच-पांच पर जहां गड्ढों की भरमार है, वहीं दिसंबर से एनएच पांच किनारे गिरीं बड़ी-बड़ी चट्टानें भी नहीं हटाई गई हैं। ऐसे में रोज कई लोग इस मार्ग पर खतरे के साये में सफर करते हैं। मरीजों को हिचकोले खाते हुए अस्पताल पहुंचना पड़ता है। उन्होंने सरकार और एनएच प्राधिकरण से एनएच की दशा सुधारने की मांग उठाई है।
स्वीकृति का इंतजार, जल्द शुरू होगा काम
एनएच प्राधिकरण रामपुर के एक्सईएन केएल सुमन ने कहा कि पहले सिंगल टेंडर लगा था। अब डबल टेंडर के लिए चुनाव आयोग से स्वीकृति मांगी है। जैसे ही स्वीकृति मिलती है तो टेंडर लगा कर एनएच को सुधारा जाएगा।