नेरवा (रोहडू़)। नेरवा-पांवटा मुख्य मार्ग पर रोहाणा के समीप जीप डेढ़ सौ मीटर गहरे नाले में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दो अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर करीब 2:00 बजे उस समय हुआ जब जीप विकासनगर से नेरवा की ओर आ रही थी। इसी बीच जीप जब रोहाणा से करीब सौ मीटर आगे पहुंची तो अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी।
हादसे के समय वाहन में तीन लोग सवार थे। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना मिलने पर एसएचओ नेरवा जयंत करण गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों को अंजाम दिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए नेरवा अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। शव गाड़ी में बुरी तरह से फंस गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर बाहर निकाला। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए नेरवा अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक की पहचान मुकेश पुत्र लच्छी राम (35) निवासी गांव घुरला, डाकघर बमटा के तौर पर हुई है। घायलों में कुंदन, पुत्र मोहनलाल (33) निवासी बड़ौला, डाकघर बमटा और अजीत पुत्र प्रेमचंद (22) निवासी गांव भाबर, डाकघर बमटा तहसील चौपाल के रूप में हुई है। मृतक के शव का नेरवा अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
प्रशासन की तरफ से तहसीलदार नेरवा जगपाल सिंह ने मृतक के परिजनों को 10,000 हजार रुपये और घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। एसडीपीओ चौपाल राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है।