चूहाबाग से लेकर खनेरी तक घंटों जाम में फंस रहे लोग
एनएच पर तीन स्थानों पर चल रहे काम के कारण बढ़ी दिक्कतें
मेले से पूर्व एनएच पांच पर खड़े वाहन भी नहीं हटे
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। त्योहारी सीजन शुरू होते ही चार जिलों के प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर में जाम की समस्या बढ़ गई है। रामपुर से खनेरी की ओर हजारों लोगों को जाम के कारण परेशान होना पड़ा। यहां घंटों जाम के कारण किन्नौर की ओर जाने वाले वाहनों खासकर खनेरी अस्पताल जाने वाले मरीजों को परेशानियां झेलनी पड़ीं। पाटबंगला से आगे खनेरी की ओर कई स्थानों पर कार्य चल रहा है, जिस कारण एनएच पांच पर सफर करना परेशानियों भरा बना हुआ है।
रामपुर में लवी मेला शुरू होने से पहले ही जाम की समस्या बढ़ गई है। चूहाबाग से लेकर खनेरी तक करीब 10 मिनट का सफर तय करने में लोगों को एक-एक घंटा इंतजार करना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी चूहाबाग से लेकर एनएच खनेरी तक लंबा जाम लगा रहा। इस जाम में हजारों लोग फंसे रहे। पुलिस के जवानों की तैनाती न होने के कारण बेतरतीब तरीके से जाम लग रहा है। एनएच पांच पर करीब तीन स्थानों पर कार्य चल रहा है, जिस कारण यहांं से वाहनों का गुजरना दिक्कतों भरा बना हुआ है। हालांकि प्रशासन और पुलिस ने वजीर बावड़ी से खनेरी तक एनएच पांच पर पार्क किए गए वाहनों को हटाने के फरमान जारी किए हैं, लेकिन चूहाबाग से लेकर खनेरी तक जगह जगह वाहन पार्क हैं, जिस कारण एनएच से आवाजाही करने वाले हजारों वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। त्यौहारी सीजन के चलते भी शहर में भीड़ काफी बढ़ गई है और हजारों वाहन रोजाना शहर पहुंच रहे हैं। उधर, डीएसपी रामपुर शिवानी महला ने बताया कि एनएच पांच पर पार्क किए गए वाहनों को जल्द हटाया जाएगा। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक मोटरसाइकिल कर्मी तैनात किए जाएंगे। जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है।