तहसील मुख्यालय आने वाले लोग लोग रोजाना झेल रहे दिक्कतें, बेतरतीब पार्क किए वाहन बने समस्या
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी नेरवा (रोहड़ू) ।
नेरवा बाजार में जाम लोगों के लिए आफत बन गया है। चौपाल विधानसभा क्षेत्र के केंद्र और व्यावसायिक कस्बे नेरवा में रोजाना लोग बसों, टैक्सियों और निजी वाहनों में पहुंचते हैं, लेकिन पार्किंग की सुविधा न होने के कारण लोग अपने वाहन बेतरतीब सड़क के किनारे खड़ा कर देते हैं। इससे जाम लग जाता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई जगह सड़क के तंग होने के कारण जाम लगता है, तो कई जगह बेतरतीब गाड़ियां खड़ी होने के कारण जाम लग रहा है। नेरवा में पुराने बस अड्डे से लेकर यूको बैंक तक और स्टेट बैंक से लेकर पुलिस थाना तक लोग सड़क किनारे बेतरतीब गाड़ियां खड़ी करते हैं। लोग यहां सुबह गाड़ी फंसा कर चले जाते हैं और शाम को घर जाते समय गाड़ी निकालते हैं। पूरा पूरा दिन गाड़ियां सड़कों पर खड़ी रहती हैं। इससे बाजार में जाम की स्थिति बन जाती है। बाजार के बीचोंबीच दियांडली नाले के ऊपर बने पुल को इसी वर्ष चौड़ा किया गया था ताकि यहां लगने वाले जाम से छुटकारा मिल सके, लेकिन इस तरफ रेहड़ी-फड़ी और मछली बेचने वालों ने कब्जा जमा रखा है। नतीजतन, पुल पर जाम की समस्या ज्यों की त्यों हो गई है। लोगों की मांग है कि यदि सड़कों पर बेतरतीब वाहन खड़े होना बंद हो जाएं, तो जाम की समस्या हल हो जाएगी। पुलिस और नगर पंचायत नेरवा को इसका संज्ञान लेना चाहिए। नो पार्किंग जोन पर गाड़ियां खड़ी करने वालों और पुल पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुल लोक निर्माण विभाग के अधीन है। वाहनों के चालान करने की शक्तियां पुलिस विभाग के पास है। नेरवा बाईपास बनाने का मामला एक दशक से अधिक समय से अटका हुआ है। बाईपास का सर्वे कई बार हो चुका है। सर्वे हर बार सरकार बदलने के बाद बदल जाता है। बबिता तंगड़ाइक, अध्यक्ष, नगर पंचायत नेरवा
बाईपास का सर्वे फाइनल हो चुका है। इसकी फाइल फोरेस्ट क्लीयरेंस के भेज दी गई है। क्लीयरेंस मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। सुनील शर्मा, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग नेरवा