पंचायती राज विभाग ने 47 लाख रुपये किए जारी, कुल मिलेंगे 1.07 करोड़ रुपये
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा भवन, पर्यटकों को पहाड़ी व्यंजन होंगे उपलब्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। जाबली पंचायत को जल्द नया भवन मिलेगा। इसके लिए जाबली पंचायत की प्रधान कल्पना गर्ग वीरवार को भूमि पूजन करेंगी। भूमि पूजन के साथ ही भवन निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
गौर रहे कि जाबली पंचायत का यह भवन 1.07 करोड़ की लागत से बनेगा। हालांकि इसलिए कुछ समय पहले प्रदेश के पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह अपने जाबली दौरे के दौरान शिलान्यास कर चुके हैं। पंचायती राज विभाग से पंचायत भवन निर्माण के लिए करीब 47 लाख रुपये की पहली किस्त जारी हो चुकी है।
जाबली पंचायत की प्रधान कल्पना गर्ग ने बताया कि इसके बनने के बाद पंचायत को अपना भवन मिलेगा। भवन निर्माण को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। भवन का टेंडर भी हो गया है। इस आधुनिक भवन के पूरा होने के बाद इसमें जहां पंचायत प्रतिनिधियों के बैठने की जगह होगी, वहीं इसमें पर्यटकों के लिए पहाड़ी व्यंजन उपलब्ध करवाने के लिए कैंटीन भी खोली जाएगी। मौजूदा समय में पंचायत के पास 17 बीघा भूमि उपलब्ध है।