आनी में एनएच पर रोपड़ी से बराड़ तक अवैध कब्जों को हटाने के दिए निर्देश
विज्ञापन
. ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने को एसडीएम कार्यालय में हुई अहम बैठक . सख्ती से करें ट्रैफिक नियमों का पालन, जनता से सहयोग की अपील . दुकानों के बाहर वाहन न लगाने और बस अड्डा के पास एक समय में केवल छह टैक्सियां होंगी पार्क संवाद न्यूज एजेंसी आनी (कुल्लू)। उपमंडल मुख्यालय आनी में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए स्थानीय प्रशासन ने कड़े फैसले लिए हैं। मुख्यालय में यदि नो पार्किंग जोन पर वाहन खड़े किए गए, तो उन वाहनों को क्रेन से उठाया जाएगा और चालान भी काटा जाएगा। साथ ही उपमंडलीय प्रशासन ने वन विभाग को एनएच-305 पर रोपड़ी से बराड़ तक किए गए अवैध कब्जों को हटाने का आदेश जारी किया है। प्रशासन ने उपमंडल आनी आने वाले लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और जनता से सहयोग की अपील भी की है। आनी में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एसडीएम कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। अध्यक्षता एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने की। बैठक में विभागों के अधिकारी, पुलिस प्रशासन, व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधि शामिल हुअए। बैठक में निर्णय लिया कि क्षेत्र में बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुराने बस अड्डे में अस्थायी पार्किंग विकसित की जाएगी, ताकि सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति न बने। साथ ही स्थायी रूप से खड़ी गाड़ियों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने रवाह में जल शक्ति विभाग की ओर से फेंके गए मलबे को तत्काल हटाने, राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे लगे ढारों और मलबे को हटाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क की चौड़ाई बनी रहे। एनएच के साथ वन भूमि पर रोपड़ी से बराड़ तक किए गए अवैध कब्जों को हटाने के वन विभाग को निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा कि दुकानदार सड़क पर वाहन खड़े न करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। टैक्सी यूनियन को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नए बस स्टैंड के साथ निर्धारित छह टैक्सियां ही एक समय में खड़ी रहेंगी, इससे अधिक वाहन पाए जाने पर चालान किया जाएगा। यातायात को सुचारु रखने के लिए कोर्ट रोड से बाजार की ओर जाने वाले वाहनों को पहले किरण बाजार स्थित बलि राम की दुकान के सामने से मोड़ना अनिवार्य किया गया है। इस मौके पर तहसीलदार रत्नेश्वर शर्मा, डीएसपी राजीव मेहता, थाना प्रभारी पंछी लाल, आरओ चवाई रतन सिंह, कर्ण ठाकुर, एसडीओ लोक निर्माण विभाग मनीष, एनएच जेई मदन लाल, पटवारी सीएल शर्मा, सह अड्डा प्रभारी तरसेम, व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद चंदेल, प्रधान लाल सिंह, प्रधान अमित ठाकुर, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष अरुण सहित अन्य मौजूद रहे।
नो पार्किंग जोन के लगेंगे साइन बोर्ड
पुराने बस अड्डे से कोर्ट रोड की ओर जाने वाले किसी भी वाहन को एनएच से यू-टर्न लेने की अनुमति नहीं होगी, ताकि जाम से बचा जा सके। इसके अलावा एक समय में एक से अधिक बसों को पुराने बस अड्डे में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। बैठक में स्कूलों और कॉलेजों के एनएसएस वालंटियर की सेवाएं लेकर ट्रैफिक प्रबंधन में सहयोग लेने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बराड़ से रोपड़ी तक नो पार्किंग जोन के साइन बोर्ड लगाने का भी निर्णय लिया गया।