प्रशासन ने वनों को आग से बचाने के लिए जारी किए निर्देश
विज्ञापन
-नियमों की अवहेलना पर होगी कार्रवाई
-ग्राम स्तर पर निगरानी के लिए साप्ताहिक रिपोर्ट पेश करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल में उपमंडलीय प्रशासन ने बगीचों में अपशिष्ट जलाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन ने वन संपदा को बचाने और पर्यावरण को प्रदूषित होने से रोकने के लिए यह आदेश जारी किया है। आजकल सेब और प्लम के बगीचों में बागवान काट-छांट (प्रूनिंग) का कार्य कर रहे हैं। कई बागवान काट-छांट के बाद सेब के पेड़ों के पत्तों और टहनियों को बगीचों में ही जला रहे हैं, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ रहा है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।
कई बार बगीचों की आग जंगलों और घासनियों तक पहुंच रही है, जिससे वन संपदा को भी भारी नुकसान हो रहा है। इसके चलते प्रशासन ने अब बगीचों में आग न लगाने के कड़े निर्देश दिए हैं। साथ ही तहसीलदार, नायब तहसीलदार को ग्राम स्तर पर निगरानी रखने और साप्ताहिक रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय को भेजने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन के निर्देशों के अनुसार यदि कोई व्यक्ति नियमों की अवहेलना करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। रामपुर उपमंडल में कई जगह बागवान और किसान शीतकाल के दौरान बगीचों और खेतों की सफाई के कार्य में जुटे हैं। कई बागवान सेब के पेड़ों की टहनियों, झाड़ियों, घास, पत्तियों और अन्य अपशिष्ट को खुले में जला रहे हैं। इस प्रकार की गतिविधियों से आग लगने की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, जिससे जन जीवन, संपत्ति, बगीचे और वनों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। साथ ही वायु प्रदूषण और सार्वजनिक उपद्रव की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है।
विज्ञापन
रामपुर के एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि जन सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उपमंडल के सभी क्षेत्रों में बगीचों, खेत, खुले क्षेत्र में सेब की टहनियों, झाड़ियों, घास, पत्तियों और किसी भी प्रकार के कटिंग, प्रूनिंग के अपशिष्ट को जलाने पर पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। शुष्क मौसम और तेज हवाओं के कारण बगीचों की आग का जंगलों और आबादी तक फैलने की आशंका बनी रहती है, जिससे जान-माल और पर्यावरण को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने सभी बागवानों और किसानों को निर्देश दिए हैं कि वे अपशिष्ट के निस्तारण के लिए पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाएं। बगीचों के अपशिष्ट की खाद बनाई जा सकती है, जिसका इस्तेमाल बाद में पौधों के लिए किया जा सकता है।
प्रधान और सचिवों को दिए निर्देश
एसडीएम ने कहा कि सभी पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य और सचिव यह सुनिश्चित करेंगे कि इस आदेश की जानकारी अपने-अपने क्षेत्र में हर बागवान और किसान तक पहुंचाई जाए, ताकि वे जागरूक रहें। निर्देशों के उल्लंघन पर सूचना तत्काल एसडीएम के कार्यालय को दी जाए। उन्होंने कहा कि आदेशों की अवहेलना होने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 152 और अन्य प्रासंगिक कानूनों, नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वन मंडल अधिकारी से किया अनुरोध
एसडीएम ने वन मंडल अधिकारी रामपुर से अनुरोध किया है कि वन क्षेत्र से सटे बगीचों, खेतों में आग लगाने की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखें और वन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके अलावा उपमंडल पुलिस अधिकारी से सभी पुलिस थानों, चौकी के माध्यम से नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और अवहेलना की स्थिति में नियमानुसार उचित कार्रवाई को कहा गया है।
तहसीलदार दे रिपोर्ट
एसडीएम ने रामपुर बुशहर, ननखड़ी, सराहन और तकलेच के तहसीलदार, नायब तहसीलदार को निर्देश दिए हैं अपने क्षेत्राधिकार में आदेशों के अनुपालन को सुनिश्चित करें और उल्लंघन करने वालों की सूचना एसडीएम कार्यालय को प्रेषित करें। खंड विकास अधिकारी रामपुर और ननखड़ी को सभी पंचायत प्रधानों, सचिवों को आदेशों से अवगत करवाते हुए ग्राम स्तर पर निगरानी सुनिश्चित करने और साप्ताहिक रिपोर्ट इस कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए हैं।