देलठ शराब ठेके का निरीक्षण करने पहुंचे अफसर
प्रशासन की टीम ने नापी आईटीआई परिसर की दूरी
दो पंचायतों के लोग उठा रहे ठेका स्थानांतरित करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की ग्राम पंचायत देलठ में शराब ठेके को स्थानांतरित करने की मांग उठाई जा रही है। आईटीआई और महिला मंडल देलठ की महिलाओं ने लिखित रूप में प्रशासन को शराब ठेके के स्थानांतरण की मांग की है। इसी को देखते हुए शुक्रवार को राजस्व विभाग, पुलिस, पंचायत और आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की टीम मौके का जायजा लेने के लिए पहुंची।
प्रशासन की अगुवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी प्रधान ग्राम पंचायत करांगला और देलठ ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। शराब ठेके से लेकर आईटीआई परिसर तक दूरी जांची गई। क्षेत्र की महिलाओं की ओर से ठेके को स्थानांतरित करने की मांग उठाई जा रही थी। शराब ठेके के साथ स्कूल और आईटीआई का मुख्य रास्ता है जहां से छात्र-छात्राओं सहित महिलाओं को आवाजाही करने में खासी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। आए दिन ठेके के पास शराबी घूमते रहते हैं, जिससे समस्या और भी बढ़ गई। शराब ठेके से लेकर आईटीआई परिसर तक 110 मीटर की दूरी मापी गई।
देलठ पंचायत प्रधान रक्षा देवी ने कहा कि जनहित को देखते हुए इस शराब ठेके को यहां से स्थानांतरित किया जाना चाहिए। करांगला और देलठ पंचायत की जनता लंबे अरसे से सरकार और प्रशासन से ठेके को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग कर रही है।
आबकारी विभाग के निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि शराब ठेके से लेकर आईटीआई परिसर तक की दूरी 110 मीटर मापी गई। रिपोर्ट तैयार कर विभाग के उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।
इस अवसर पर थाना प्रभारी ननखड़ी प्रेम नेगी, राजस्व कानूनगो गोपाल कश्यप, पटवारी देलठ मुकेश, प्रधान करांगला मोहन लाल सहित महिला मंडल की सदस्य मौजूद रहीं।