रिकांगपिओ कॉलेज में एनसीसी स्थापना दिवस मनाया
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ। ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों को एनसीसी के इतिहास, उद्देश्यों और राष्ट्रसेवा की भावना से अवगत कराया गया। महाविद्यालय के एएनओ लेफ्टिनेंट मोहन सिंह नेगी ने युवाओं को अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों और नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने भाग लिया। सार्जेंट अपेक्षा नेगी ने एनसीसी की गतिविधियों और प्रशिक्षण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनसीसी के 'बी' और 'सी' प्रमाण-पत्र युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। ये प्रमाण-पत्र अर्धसैनिक बलों तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं में भी लाभदायक साबित होते हैं।
पूर्व सीनियर अंडर ऑफिसर ऋषि भास्कर ने गणतंत्र दिवस शिविर तक के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के माध्यम से लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया। अंडर ऑफिसर अमीषा नेगी ने प्रधानमंत्री रैली में भागीदारी के अपने अनुभव साझा किया। लेफ्टिनेंट मोहन सिंह नेगी ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।