विभागों, शिक्षण संस्थानों को प्रयास करने के निर्देश
जिला सलाहकार समिति की बैठक में अभियान के क्रियान्वयन पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ। किन्नौर के उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मेरा युवा भारत अभियान से युवाओं को जोड़ने के लिए सभी विभागों और शिक्षण संस्थानों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय में आयोजित जिला सलाहकार समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।
बैठक में जिला युवा अधिकारी शुभम चंद्रन ने मेरा युवा भारत की गतिविधियों और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने 15 अगस्त तक चलने वाले विशेष पंजीकरण अभियान के बारे में भी बताया। उपायुक्त ने जिले के सभी महाविद्यालयों, विद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और पॉलीटेक्निक संस्थानों को पंजीकरण अभियान में सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षण संस्थान में एक नोडल अधिकारी और एक परिसर दूत नामित किया जाएगा। ये दोनों विद्यार्थियों के पंजीकरण और विभिन्न गतिविधियों का समन्वय करेंगे। समन्वय को और मजबूत बनाने के लिए जिला स्तर पर एक संदेश समूह भी गठित किया जाएगा। उपायुक्त कार्यालय सभी शिक्षण संस्थानों को अभियान में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करेगा। साथ ही विभागों से भी अपने कार्यक्रमों से जुड़े पात्र युवाओं का मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने विभागों को नशा मुक्त भारत अभियान, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और आपदा प्रबंधन जैसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं की सहभागिता को अधिक प्रभावी बनाना है।