अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस पर छात्रों को न्याय व्यवस्था के बारे में किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाइस में शुक्रवार को उपमंडलीय विधिक सेवा समिति ठियोग के सौजन्य से विश्व अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ता जीत राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि संजय शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए।
जीत राम वर्मा ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय प्रणाली, न्यायालयों की कार्यप्रणाली तथा न्याय व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए कानून का सम्मान करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने न्याय व्यवस्था से जुड़े विषयों पर जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों ने सरल और विस्तारपूर्वक समाधान किया। प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने भी विद्यार्थियों को न्याय व्यवस्था के महत्व से अवगत कराया और कानून के प्रति जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। अंत में विद्यालय की छात्रा स्मृति भारद्वाज ने न्याय व्यवस्था पर विचार व्यक्त किए।