छाजपुर के दखड़ान मेले में लोकगीतों और नाटियों की रही धूम, कलाकारों ने देर शाम तक बांधा समां
15 से अधिक लोक कलाकारों ने सजाई सांस्कृतिक संध्या
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। तहसील जुब्बल के अंतर्गत छाजपुर में शुक्रवार को देवता महाराज सभाड़सू के सानिध्य में पारंपरिक दखड़ान मेले का आयोजन किया गया। मेले में दिनभर पहाड़ी नाटियों और लोकगीतों की धूम रही। 15 से अधिक लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मेले का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत लोक गायक मोहन सिंह चौहान ने की। इसके बाद लोकिंद्र चौहान, सुरेश शर्मा, संतोष तोषी, मीना राणा, बिट्टू चफरोलटा, कपिल शर्मा, हन्नी नेगी, सनी दयाल, रोशनी शर्मा, कुलदीप मंगनेटा और विक्की चौहान सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर माहौल को लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लोक गायक विक्की चौहान और कपिल शर्मा की प्रस्तुतियां रहीं। देर शाम तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विक्की चौहान ने अपने लोकप्रिय पहाड़ी गीतों से दर्शकों को खूब थिरकाया।
सिरमौर के लोक गायक कपिल शर्मा ने मोरू ताजी दासिया, गांव दा रोला कुनी पाया और मेरी बाठणी चांदी रा छाला जैसे लोकप्रिय पहाड़ी गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। वहीं रामपुर के लोक गायक संतोष तोषी ने चुटी मामा रेंउशी री डाले और लाल-लाल सेब रा दाना जैसे गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया।
ठियोग के लोक गायक हन्नी नेगी ने पौता भी न लागदा, मेरा बेगमा और धारो पांदे लागो सहित कई पहाड़ी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भी मेले में पहुंचे लोगों का देर शाम तक भरपूर मनोरंजन किया। पूरे आयोजन के दौरान लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य और संगीत की रंगत देखने को मिली।