खनेरी अस्पताल पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य को घायलों और तीमारदारों ने सुनाया दर्द
मंत्री ने बस हादसे के घायलों का जाना हाल
नई बसों के लिए मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री से बात करने का दिया आश्वासन
अस्पताल प्रशासन को बेहतर उपचार के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को ननखड़ी के गरटोला में हुए बस हादसे के घायलों से मिलने खनेरी अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने उपचाराधीन घायलों का हालचाल जाना। चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली। उन्होंने सभी घायलों को समुचित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सरकार दुर्घटना से प्रभावित सभी परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। इस दौरान घायलों के परिजनों और ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन निगम की जर्जर और पुरानी बसों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण रूटों पर पुरानी बसें आए दिन खराब हो रही हैं। इससे सैकड़ों ग्रामीणों और स्कूली विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना था कि ये बसें भविष्य में बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं, इसलिए रामपुर डिपो को नई बसें उपलब्ध कराई जाएं।
अस्पताल में मौजूद मरीजों के तीमारदारों ने भी स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और सड़क हादसों के घायलों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
परिजनों की मांग पर विक्रमादित्य सिंह ने आश्वासन दिया कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि रामपुर उपमंडल के लिए इलेक्ट्रिक बसों की उपलब्धता का मामला भी विभाग के समक्ष उठाया जाएगा। इस अवसर पर नायब तहसीलदार रामपुर सुरेश नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।