बगीचों में तेजी से फेल रहा रोग, उद्यान केंद्रों पर नहीं मिल रही दवाइयां
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। सेब के बगीचों में अल्टरनेरिया रोग तेजी से फैल रहा है। इससे सेब की फसल पर संकट है। उद्यान केंद्रों में दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं। संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार सिर्फ बागवानी हितैषी बनने का झूठा ढोंग कर रही है। यह बात भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चेतन बरागटा ने कही।
बरागटा ने का कि इस बार बारिश न होने के कारण बागवानों के पौधे सूख गए। मौसम की मार झेलने के बाद बगीचों में माइट व अल्टनेरिया रोग ने कहर बरपाया है। यह बीमारी ऊंचाई वाले क्षेत्रों के साथ-साथ निचले क्षेत्रों के बगीचों में भी फैल गई है, लेकिन प्रदेश सरकार मामले को लेकर गंभीर नहीं है। इस वर्ष उद्यान केंद्रों से बागवानों को दवाइयां नहीं मिल रही हैं। आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे बागवानों को महंगे दामों पर बाजार से दवाई खरीदनी पड़ रही है। संकट की इस घड़ी में बागवानों को राहत देने के लिए कोई भी उपयोगी कदम प्रदेश सरकार की तरफ से नहीं उठाए जा रहे हैं। सेब बाहुल्य क्षेत्र से संबंधित कांग्रेस के मंत्री भी मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।
बरागटा ने मांग उठाई कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उद्यान केंद्रों पर आवश्यकता अनुसार फफूंदीनाशक व माईट की दवाइयां उपलब्ध करवाई जाए। बागवानी विभाग के विशेषज्ञों को बगीचों में भेजकर रोग की रोकथाम के लिए बागवानों को जागरूक किया जाए। ताकि तेजी से पनप रहे रोग को रोका जा सके। जिन बागवानों के सेब की पौधे सूख गए हैं। उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाए।