संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में नित नए सुधार किए जा रहे हैं। इसी के तहत बिजली बोर्ड सभी मीटरों की ईकेवाइसी करवा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं की हर प्रकार की जानकारी बोर्ड के पास रहे। बोर्ड ने 31 दिसंबर तक रामपुर और ननखड़ी विकास खंड की विभिन्न पंचायताें को ईकेवाइसी करवाने की तिथि जारी की है। बोर्ड प्रबंधन ने चेताया है कि यदि 31 दिसंबर तक उपभोक्ता अपनी ईकेवाइसी नहीं करवाते हैं, तो सब्सिडी बंद कर दी जाएगी। हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड विद्युत उप मंडल तकलेच के अंतर्गत आने वाले सभी उपभोक्ता को सूचित किया है कि कि प्रदेश सरकार की ओर से बिजली बिल में दी जाने वाली सब्सिडी के लिए 31 दिसंबर से पहले अपनी ईकेवाइसी करवाना सुनिश्चित करें। बिजली बोर्ड तकलेच के सहायक अभियंता ई. राजेश मुखिया ने बताया कि लोगाें की सुविधा को देखते हुए ईकेवाइसी के लिए तिथि और जगह निर्धारित की है। इन दिनों में उपभोक्ता आधार कार्ड या राशन कार्ड की फोटो कॉपी, नये व पुराने बिजली बिल और उपभोक्ता आईडी नंबर साथ रखें।
इन जगहों के लिए तिथि तय
उपमंडल रामपुर की बड़ाच पंचायत में नौ दिसंबर, दत्तनगर में 10 दिसंबर, 11 को नरैण, 12 को बाहली, 13 को देवनगर, 16 को देवठी, 17 को कूहल, 18 को तकलेच, 19 को दरकाली, 20 को देलठ, 21 को कंडी और 22 दिसंबर को जोगनी में उपभोक्ताओं की ईकेवाइसी करवाई जाएगी। 31 दिसंबर से पूर्व कभी भी कार्यालय सहायक अभियंता तकलेच में आकर ईकेवाइसी करवाई जा सकती है। कोई उपभोक्ता अपनी ईकेवाइसी नहीं करवाता है, तो वह उपभोक्ता मिलने वाली सब्सिडी से वंचित रहेगा, जिसके लिए वह खुद जिम्मेदार होगा।
संवाद