रामपुर बुशहर/सांगला। वीरवार शाम से बिगड़े मौसम के मिजाज के चलते शुक्रवार को भी ऊपरी शिमला, किन्नौर और कुल्लू जिले के आउटर सिराज क्षेत्र में शुक्रवार को भी मौसम खराब रहा। दोपहर बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया, जबकि निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। बर्फबारी और बारिश के चलते समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है।
शुक्रवार दोपहर बाद किन्नौर जिले के रक्षम, छितकुल, सांगला, बटसेरी, कुन्नोचारंग, आसरंग, लिप्पा, ठंगी, लंबर, शिमला जिले के श्राईकोटी, काशापाट, आउटर सिराज क्षेत्र के जलोड़ी जोत, श्रीखंड महादेव सहित 15/20 वैली के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। वहीं, रामपुर सहित अन्य कम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश का दौर जारी रहा। नारकंडा में यात्रियों की समस्या को देखते हुए रामपुर से परिवहन निगम की बसों को दोपहर तीन बजे के बाद वाया बसंतपुर होकर शिमला भेजा गया। हालांकि, किन्नौर जिले में अभी कोई भी रूट प्रभावित नहीं हुआ है। बीते दिनों जहां रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में पारा जहां काफी चढ़ गया था, वहीं वीरवार शाम से तापमान में खासी गिरावट आई है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय रिकांगपिओ से पूह काजा और शिमला की ओर वाहनों की बराबर आवाजाही रही। परिवहन निगम रामपुर के अड्डा प्रभारी भाग चंद ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद रामपुर से शिमला की ओर निगम की बसों को वाया बसंतपुर होकर भेजा जा रहा है। जलोड़ी जोत में बर्फबारी के कारण कुल्लू जाने वाले यात्रियों को ट्रांसमिट कर भेजा जा रहा है। वहीं, निगम के अन्य सभी रूटों पर बसों की बराबर आवाजाही हो रही है।