निजी वाहन को पास देते समय स्किड हुई बस, चालक की मुस्तैदी से टला हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर-सनेई रूट पर चलने वाली निगम की बस वीरवार दोपहर को जगूणी अड्डे के पास पलटने से बाल-बाल बची। निजी वाहन को पास देते समय बस का टायर सड़क के बाहर निकल गया। हालांकि चालक की मुस्तैदी से हादसा होने से टल गया। चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस को रोक दिया।
जगूणी बस अड्डे में तीन चार सवारियां उतराने के बाद बस चालक एक निजी वाहन को पास दे रहा था। इसी बीच बस स्किड कर गई और उसका टायर सड़क के बाहर निकल गया। जिस स्थान पर यह हादसा पेश आया, वहां सड़क का अगला हिस्सा कई साल से धंस चुका है, जिसे दुरुस्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग आज तक कोई पहल नहीं करवा पाया है। पंचायत और ग्रामीणों ने कई बार उस स्थान पर सड़क की सुरक्षा के मद्देनजर डंगा लगाने की गुहार लगाई, लेकिन विभाग कुंभकर्णी नींद सोया है l बाद में बस को निकालने के लिए क्रेन मंगवाई गई। उधर, लोक निर्माण विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता एसके नेगी ने बताया कि बस अड्डा जगूणी में सड़क की सुरक्षा के मद्देनजर डंगा लगाने की प्रक्रिया जल्द अमल में लाई जाएगी।